इटाढ़ी रेलवे ओवर ब्रिज क्षतिग्रस्त मामले में दोषियों पर कार्रवाई और न्यायिक जांच की मांग, कांग्रेस नेता का सरकार पर हमला


न्यूज़ विज़न। बक्सर
बिहार प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पूर्व सचिव कामेश्वर पांडे एवं इंजीनियर रामप्रसाद द्विवेदी ने इटाढ़ी रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) के एक हिस्से के क्षतिग्रस्त होने की घटना को गंभीर प्रशासनिक लापरवाही और निर्माण कार्य में अनियमितता का परिणाम बताया है। उन्होंने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा कि पुल निर्माण में मानकों का पालन नहीं किया गया तथा संबंधित विभागों द्वारा नियमित और प्रभावी निगरानी नहीं की गई, जिसके कारण उद्घाटन के मात्र एक महीने के भीतर ही पुल का हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया।
उन्होंने आरोप लगाया कि निर्माण कार्य से जुड़े ठेकेदार, संबंधित इंजीनियरों और निगरानी के लिए जिम्मेदार जिला प्रशासन के अधिकारियों की जवाबदेही तय की जानी चाहिए। उनके अनुसार इस मामले में कानून के अनुसार कठोर कार्रवाई होनी चाहिए ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। कामेश्वर पांडे ने कहा कि यह मामला केवल एक पुल के क्षतिग्रस्त होने तक सीमित नहीं है, बल्कि सरकारी योजनाओं में व्याप्त भ्रष्टाचार की ओर भी संकेत करता है।
उन्होंने दावा किया कि राज्य में विभिन्न विभागों में बड़े पैमाने पर वित्तीय अनियमितताएं हुई हैं। साथ ही उन्होंने संबंधित मंत्री से नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए पद से इस्तीफा देने की मांग की। उन्होंने माननीय उच्च न्यायालय से स्वतः संज्ञान लेकर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की अपील की, ताकि जनता की गाढ़ी कमाई के दुरुपयोग के लिए जिम्मेदार लोगों को कड़ी से कड़ी सजा मिल सके।





