₹10 में भरपेट भोजन: रैन बसेरा परिसर में शुरू हुई ‘माई की रसोई’, जरूरतमंदों को मिलेगा सम्मान के साथ भोजन
नगर परिषद सभापति कमरून निशा के संयोजन में समाजसेवी ओम जी यादव एवं सुमित मानसिंहका की पहल, महंत राजाराम शरण दास जी महाराज ने किया उद्घाटन

न्यूज़ विज़न। बक्सर
शहर के किला मैदान के समीप नगर परिषद द्वारा संचालित रैन बसेरा परिसर में बुधवार को जरूरतमंदों और गरीबों के लिए एक महत्वपूर्ण सामाजिक पहल की शुरुआत की गई। नगर परिषद सभापति कमरून निशा के संयोजन में समाजसेवी ओम जी यादव एवं सुमित मानसिंहका द्वारा ‘माई की रसोई’ का शुभारंभ किया गया। इसका उद्घाटन सीताराम विवाह महोत्सव आश्रम के महंत राजाराम शरण दास जी महाराज ने फीता काटकर किया।
उद्घाटन के बाद महंत राजाराम शरण दास जी महाराज ने रसोई परिसर का निरीक्षण किया और इसकी व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने इस पहल के लिए ओम जी यादव एवं सुमित मानसिंहका को शुभकामनाएं देते हुए इसे जरूरतमंदों की सेवा की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
₹10 में मिलेगा भरपेट भोजन
‘माई की रसोई’ के माध्यम से प्रत्येक दिन दोपहर 12 बजे से 1 बजे तक मात्र 10 रुपये में जरूरतमंद लोगों को भरपेट भोजन उपलब्ध कराया जाएगा। पहल का उद्देश्य ऐसे लोगों तक भोजन पहुंचाना है, जिन्हें आर्थिक कठिनाइयों के कारण दो वक्त का भोजन जुटाने में परेशानी होती है। समाजसेवी ओम जी यादव ने बताया कि बक्सर के नागरिकों के आशीर्वाद से शहर के रेलवे स्टेशन पर पहले से ही रोटी बैंक के माध्यम से प्रतिदिन रात में जरूरतमंदों को निःशुल्क भोजन कराया जा रहा है। इसी दौरान लगातार ऐसे लोगों को देखा जा रहा था, जो दिन में भोजन के लिए भटकते हैं। इसी आवश्यकता को देखते हुए ‘माई की रसोई’ की योजना बनाई गई और अब इसे धरातल पर उतारा गया है। उन्होंने कहा कि प्रयास है कि कोई भी जरूरतमंद व्यक्ति भूखा न रहे और उसे सम्मान के साथ भोजन उपलब्ध हो सके।
‘भूखे को भोजन कराने से बड़ी कोई सेवा नहीं’
उद्घाटनकर्ता महंत राजाराम शरण दास जी महाराज ने कहा कि जरूरतमंदों को भोजन उपलब्ध कराने से बड़ी सेवा कोई नहीं है। उन्होंने इस पहल को निःस्वार्थ सेवा का उदाहरण बताते हुए कहा कि गरीब और जरूरतमंद लोगों के लिए इस तरह की व्यवस्था बेहद सराहनीय है। उन्होंने कहा कि समाज में कई प्रकार के सेवा कार्य होते हैं, लेकिन किसी भूखे व्यक्ति को भोजन उपलब्ध कराना सीधे तौर पर मानव सेवा से जुड़ा कार्य है। ‘माई की रसोई’ की शुरुआत को उन्होंने समाज के लिए प्रेरणादायक पहल बताया।
चुनावी कार्ययोजना में शामिल था रैन बसेरा में ऐसी व्यवस्था का सपना
नगर परिषद सभापति कमरून निशा ने कहा कि जरूरतमंदों के लिए भोजन की व्यवस्था करना उनके चुनाव के दौरान बनाई गई कार्ययोजना में शामिल था। अब समाजसेवी ओम जी यादव एवं सुमित मानसिंहका के सहयोग और संचालन से रैन बसेरा परिसर में इस योजना को मूर्त रूप दिया गया है। उन्होंने कहा कि रैन बसेरा परिसर में शुरू हुई यह रसोई गरीब और जरूरतमंद लोगों के लिए काफी लाभदायक साबित होगी। नगर परिषद की ओर से इस तरह के जनहितकारी कार्यों में हरसंभव सहयोग दिया जाएगा।
रक्तवीर प्रियेश रंजन ने भी की सराहना
समाजसेवी सह रक्तवीर प्रियेश रंजन ने ‘माई की रसोई’ की शुरुआत की सराहना करते हुए कहा कि महज 10 रुपये में जरूरतमंदों को भरपेट भोजन उपलब्ध कराना बेहद नेक और पुनीत कार्य है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की पहल समाज में सेवा और सहयोग की भावना को मजबूत करती है। उद्घाटन कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने भी ‘माई की रसोई’ की पहल की सराहना की और इसे जरूरतमंदों के लिए उपयोगी कदम बताया।
उद्घाटन में कई गणमान्य लोग रहे मौजूद
इस अवसर पर डॉ. श्रवण तिवारी, बबन सिंह, पंकज मानसिंहका, नियामतुल्ला फरीदी, सुरेश संगम, हरिशंकर गुप्ता, रंजन राय, उमेश कुमार, झब्बू जी, हिटलर कुशवाहा समेत बड़ी संख्या में वार्ड पार्षद, समाजसेवी एवं स्थानीय लोग मौजूद रहे। ‘माई की रसोई’ की शुरुआत के साथ अब शहर के जरूरतमंद लोगों को प्रतिदिन दोपहर के समय महज 10 रुपये में भरपेट भोजन उपलब्ध होगा। यह पहल सामाजिक सहभागिता और सेवा भावना की दिशा में बक्सर में एक सकारात्मक उदाहरण के रूप में देखी जा रही है।
वीडियो देखें :




