CRIME

शुभेंदु अधिकारी के पीए हत्याकांड में बक्सर जेल में बंद अपराधी को ले गयी कोलकाता पुलिस, पश्चिम बंगाल STF की बड़ी कार्रवाई

बक्सर सेंट्रल जेल में बंद संजय राय को रिमांड पर लेकर रवाना हुई STF टीम

न्यूज़ विज़न।  बक्सर 
पश्चिम बंगाल के नेता प्रतिपक्ष Suvendu Adhikari के निजी सहायक चंद्रनाथ रथ हत्याकांड की जांच में पश्चिम बंगाल पुलिस को एक अहम सुराग हाथ लगा है। मामले में गुरुवार को पश्चिम बंगाल एसटीएफ की टीम ने बक्सर सेंट्रल जेल में बंद एक अपराधी को रिमांड पर लेकर कोलकाता रवाना हो गई। इस कार्रवाई के बाद बक्सर से लेकर पश्चिम बंगाल तक पुलिस महकमे में हलचल तेज हो गई है।

 

यूपी के गाजीपुर का रहने वाला है आरोपी संजय राय
जेल सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार रिमांड पर लिया गया अपराधी संजय राय है, जो उत्तर प्रदेश के गाजीपुर जिले के जमानियां थाना क्षेत्र अंतर्गत मतसा गांव का निवासी बताया जा रहा है। सूत्रों की मानें तो पश्चिम बंगाल एसटीएफ को जांच के दौरान ऐसे कई साक्ष्य मिले, जिनसे चंद्रनाथ रथ हत्याकांड के तार संजय राय से जुड़ते नजर आए। इसके बाद पश्चिम बंगाल पुलिस ने अदालत में रिमांड की अर्जी दाखिल की थी। अदालत से अनुमति मिलने के बाद गुरुवार को एसटीएफ की टीम बक्सर पहुंची और कानूनी प्रक्रिया पूरी कर संजय राय को अपने साथ कोलकाता लेकर चली गई।

 

शराब मामले में दस दिन पहले भेजा गया था जेल
राजपुर थाना से मिली जानकारी के अनुसार करीब दस दिन पहले संजय राय को शराब के साथ गिरफ्तार किया गया था। बिहार में शराबबंदी कानून के तहत कार्रवाई करते हुए पुलिस ने उसे जेल भेज दिया था। इसी दौरान पश्चिम बंगाल पुलिस को उसकी तलाश होने की सूचना सामने आई। बताया जा रहा है कि पश्चिम बंगाल एसटीएफ पहले से ही चंद्रनाथ रथ हत्याकांड की जांच में जुटी थी और तकनीकी एवं अन्य साक्ष्यों के आधार पर संजय राय का नाम जांच के दायरे में आया। इसके बाद टीम ने बक्सर जेल प्रशासन और स्थानीय पुलिस से समन्वय स्थापित कर उसे रिमांड पर लिया।

हत्याकांड में संलिप्तता को लेकर जांच तेज

सूत्रों के मुताबिक एसटीएफ को ऐसे कई अहम इनपुट मिले हैं, जिनसे संजय राय की भूमिका संदिग्ध मानी जा रही है। हालांकि अब तक आधिकारिक तौर पर उसकी संलिप्तता की पुष्टि नहीं की गई है। पुलिस टीम उससे पूछताछ कर पूरे नेटवर्क और हत्या के पीछे की साजिश का खुलासा करने में जुटी है। इस हाईप्रोफाइल मामले में बक्सर जेल से आरोपी को रिमांड पर लिए जाने के बाद इलाके में चर्चा का बाजार गर्म है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button