करंट की चपेट में आने से युवक की मौत, मुसाफिरगंज में पसरा मातम
घरेलू बिजली कार्य के दौरान हुआ हादसा, सदर अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित


न्यूज़ विज़न। बक्सर
बक्सर नगर थाना क्षेत्र के मुसाफिरगंज वार्ड संख्या-14 में घरेलू बिजली कार्य के दौरान करंट लगने से एक मजदूर की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान छोटू यादव के 30 वर्षीय पुत्र लक्ष्मण यादव के रूप में की गई है। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया, वहीं पूरे मोहल्ले में शोक का माहौल व्याप्त है।
मिली जानकारी के अनुसार बुधवार की देर शाम लक्ष्मण यादव एक घर में बिजली से संबंधित कार्य कर रहे थे। इसी दौरान अचानक वे बिजली की चपेट में आ गए और गंभीर रूप से झुलस गए। घटना के समय मौजूद लोगों ने तुरंत उन्हें बचाने का प्रयास किया और आनन-फानन में इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया। हालांकि अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही वार्ड पार्षद प्रतिनिधि शशि गुप्ता एवं सिड्डू मियां मौके पर पहुंचे और परिजनों को ढांढस बंधाया। इसके बाद सभी लोग नगर थाना पहुंचे, जहां पुलिस ने मामले की जानकारी लेते हुए शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।
पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है। वहीं स्थानीय लोगों ने बताया कि लक्ष्मण यादव मेहनत-मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनकी असामयिक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। आसपास के लोग भी इस घटना से स्तब्ध हैं और पीड़ित परिवार के प्रति संवेदना जता रहे हैं।





