15 हजार का इनामी हत्यारोपी विकास यादव एवं मुलायम यादव कर्नाटक से गिरफ्तार
बक्सर पुलिस को बड़ी सफलता, टॉप-10 अपराधियों की सूची में था शामिल, हत्या और आर्म्स एक्ट के मामलों में वर्षों से चल रहा था फरार


न्यूज़ विज़न। बक्सर
बक्सर पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। बृहस्पतिवार को आयोजित प्रेस वार्ता में पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य ने बताया कि जिले के टॉप-10 अपराधियों की सूची में शामिल 15 हजार रुपये का इनामी अपराधी विकास कुमार उर्फ विकास यादव तथा मुलायम यादव को पुलिस ने कर्नाटक से गिरफ्तार कर लिया है। दोनों आरोपी स्वर्गीय फूलन यादव के पुत्र हैं तथा इटाढ़ी थाना क्षेत्र के पसहरा गांव के निवासी बताए जाते हैं।
एसपी ने बताया कि दोनों अपराधियों के विरुद्ध बक्सर जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र में पिंटू सिंह की हत्या एवं आर्म्स एक्ट के तहत कई गंभीर मामले दर्ज हैं। वर्ष 2019 में दर्ज हत्या के एक मामले में दोनों लंबे समय से फरार चल रहे थे। न्यायालय द्वारा इनके विरुद्ध वारंट भी जारी किया जा चुका था। गिरफ्तारी से बचने के लिए दोनों लगातार अपना ठिकाना बदल रहे थे। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि फरार अपराधियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के लिए सदर एसडीपीओ धीरज कुमार के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया था। टीम लगातार तकनीकी एवं मानवीय सूचनाओं के आधार पर विभिन्न संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही थी।
लगातार निगरानी और गुप्त सूचना के आधार पर 18 मई को पुलिस टीम ने कर्नाटक राज्य के कलबुर्गी जिला अंतर्गत रिंग रोड थाना शाहाबाद क्षेत्र में छापेमारी कर दोनों अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया। एसपी ने कहा कि बक्सर पुलिस जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखने तथा अपराधियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। जानकारी के अनुसार मुफस्सिल थाना कांड संख्या 186/2019, दिनांक 4 जुलाई 2019 से संबंधित हत्या मामले में दोनों आरोपियों की तलाश की जा रही थी। इस कार्रवाई का नेतृत्व डीएसपी गौरव पांडे ने किया।
गिरफ्तारी टीम में डीआईयू प्रभारी सुधीर कुमार, मुफस्सिल थानाध्यक्ष शंभू कुमार भगत, डीआईयू के मंगलेश कुमार मधुकर, चंदन कुमार, मुफस्सिल थाना के मुकेश कुमार समेत सशस्त्र बल के जवान शामिल रहे। एसपी ने सफल कार्रवाई के लिए पूरी टीम की सराहना करते हुए कहा कि सभी पुलिसकर्मियों को पुरस्कृत किया जाएगा।





