हड़ताल खत्म कर तीसरे दिन काम पर लौटे सफाई मित्र
मुख्य पार्षद प्रतिनिधि ने बुधवार को एनजीओ प्रतिनिधि, सफाई मित्र और मजदूर नेता से की वार्ता, भुगतान के बाद राजी हुए सफाई मित्र


न्यूज विजन। बक्सर
नगर परिषद के सफाई कर्मियों और प्रशासन के बीच पिछले तीन दिनों से चला आ रहा विवाद आखिरकार बुधवार को खत्म हो गया। 51 घंटे बाद सफाई मित्र काम पर लौटे और सफाई व्यवस्था पटरी पर आई। बता दें कि अपनी लंबित मांगों को लेकर 11 मई को कामकाज ठप कर हड़ताल पर चले गए थे। सुबह में करीब आठ बजे नगर परिषद चेयरमैन प्रतिनिधि नियमतुल्लाह फरीदी ने नप कार्यालय परिसर में माले सह मजदूर नेता संजय शर्मा, एनजीओ के प्रतिनिधि और सफाई मित्रों से सीधे बात कर हड़ताल को समाप्त कराया। मांग के अनुरूप 528₹ प्रति दिन के पारिश्रमिक के आधार पर सफाई मित्रों के खाता में भुगतान किया गया।
सफाई कर्मियों की हड़ताल का असर पूरे नगर में साफ दिखाई देने लगा था। दो-तीन दिनों के भीतर ही शहर के कई इलाकों में कचरे का ढेर लग गया। ठठेरी बाजार, सब्जी मंडी समेत प्रमुख बाजारों में हालात बेहद खराब हो गए थे। सड़कों पर फैली गंदगी और भीषण गर्मी के कारण लोगों को भारी परेशानी झेलनी पड़ रही थी। सड़ते कचरे से दुर्गंध फैलने लगी थी और संक्रामक बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया था। हड़ताल खत्म होने के बाद शहरवासियों को राहत मिली है।
समझौते के तहत एजेंसी को निर्देश दिया गया है कि हर महीने 7 से 10 तारीख के बीच सभी सफाई कर्मियों का वेतन भुगतान सुनिश्चित किया जाए। यदि भुगतान में देरी होती है तो ऐसी परिस्थिति में नियमानुकूल कार्रवाई की जाएगी। इस फैसले को सफाई कर्मियों की बड़ी सफलता माना जा रहा है।





