बक्सर में सजेगी सुरों की महफ़िल, “नाद अर्चना – संगीत बैठक” में गूंजेगा शास्त्रीय संगीत का जादू
संस्कार भारती के तत्वावधान में 15 मई को भव्य आयोजन, बिहार-यूपी के नामचीन कलाकार देंगे प्रस्तुति


न्यूज़ विज़न। बक्सर
कला एवं साहित्य की अखिल भारतीय संस्था संस्कार भारती की बक्सर जिला इकाई के तत्वावधान में आगामी 15 मई, शुक्रवार को शहर में एक भव्य सांस्कृतिक संध्या “नाद अर्चना – संगीत बैठक” का आयोजन किया जाएगा। भारतीय शास्त्रीय संगीत, नृत्य एवं ग़ज़ल गायन से सजी यह संगीतमयी शाम कला प्रेमियों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बनेगी।
कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर जिलाध्यक्ष डॉ. मेजर पी.के. पांडेय की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें आयोजन की रूपरेखा एवं व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। यह सांस्कृतिक आयोजन शहर के वीर कुंवर सिंह चौक स्थित गोयल धर्मशाला के वातानुकूलित हॉल में दोपहर 2:45 बजे से प्रारंभ होगा। कार्यक्रम में बिहार एवं उत्तर प्रदेश के कई ख्यातिप्राप्त कलाकार अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध करेंगे। पटना की प्रसिद्ध भरतनाट्यम नृत्यांगना आद्या सिन्हा शास्त्रीय नृत्य की मनमोहक प्रस्तुति देंगी। वहीं बनारस घराने के प्रसिद्ध सितार वादक कृष्णा मिश्रा एवं तबला वादक प्रशांत मिश्रा शास्त्रीय संगीत की जुगलबंदी प्रस्तुत करेंगे। इसके अलावा बिहार के चर्चित ग़ज़ल गायक राघवेंद्र पांडेय अपनी मधुर गायकी से समां बांधेंगे।
जिलाध्यक्ष डॉ. मेजर पी.के. पांडेय ने जिले के संगीत एवं कला प्रेमियों से अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की। उन्होंने कहा कि संस्था का उद्देश्य भारतीय शास्त्रीय संगीत, नृत्य एवं गायन जैसी सांस्कृतिक विधाओं को समाज से जोड़ना और नई पीढ़ी तक पहुंचाना है। साथ ही आने वाले समय में जिले के नवोदित कलाकारों को भी संस्कार भारती के माध्यम से उचित मंच प्रदान किया जाएगा, ताकि भारतीय संगीत एवं संस्कृति की परंपरा को और मजबूती मिल सके।
बैठक में कोषाध्यक्ष निकेश पांडेय, महामंत्री गुलशन सिंह, कार्यक्रम संयोजक अभिनव कुमार सहित कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। आयोजन को सफल बनाने में रोहतास कुमार गोयल, सुकृति मिश्रा, डॉ. हिमांशु पांडेय, अंकुर श्रीवास्तव, डॉ. सुनील त्रिपाठी, संदीप सिंह और रंजन दुबे समेत अन्य सदस्यों की सक्रिय भूमिका सराहनीय बताई गई।





