27 घंटे बिजली गुल: पानी के लिए मचा हाहाकार
उदासीनता:पुराना गर्ल्स हाई स्कूल के पास गिरे बिजली पोल को हटाने और नया खंभा को स्थापित करने में 27 घंटे से अधिक का समय लगा


न्यूज विजन। बक्सर
बिजली कंपनी की उदासीनता गोला बाजार रोड से लेकर सिद्धनाथ घाट तक लगभग साठ परिवारों पर भारी पड़ी। बता दें कि बीते शुक्रवार को करीब दो बजे दिन में आई आंधी में पुराना गर्ल्स हाई स्कूल परिसर का विशालकाय पेड़ गिरने से विद्युत का खंभा सड़क के बीचों-बीच आ गया। इस घटना की सूचना तत्काल स्थानीय लोगों ने वन विभाग और बिजली कंपनी के अधिकारियों को मोबाइल पर दी। वन विभाग ने तो सूचना पर त्वरित पहल करते हुए पेड़ को छोटे-छोटे टुकड़े में काटकर सड़क से हटा दिया। वहीं दूसरी ओर बिजली कंपनी को विद्युत का खंभा हटाने और बिजली सप्लाई चालू करने सत्ताइस घंटे से भी अधिक का समय लग गया। नतीजा उक्त इलाके में रहने वाले लोगों के बीच गंभीर समस्या उत्पन्न हो गई।
सड़क पर बिजली का खंभा गिरने से आवागमन पूरी तरह से ठप हो गया। पैदल और साइकिल सवारों को वहां से निकलने में कसरत करना पड़ा। 26-27 घंटे तक स्कूली बस, चार पहिया वाहन और बाइक सवारों को रास्ता बदल कर आना-जाना पड़ा। इन दो दिनों में सबसे अधिक परेशानी स्कूल के बच्चों को हुई। तीखी धूप में उन्हें बस से उतरकर पैदल घर जाना पड़ा।
27 घंटे से बिजली गुल होने के कारण गोला बाजार से लेकर सिद्धनाथ घाट तक रहने वाले लोगों के बीच पानी के बीच पानी का संकट गहरा गया। घरों में बाथरूम जाने के लिए भी पानी नहीं था। आस-पड़ोस में लगे चापाकल से पानी लाकर लोगों ने घरेलू काम निपटाएं। स्थानीय व्यवसायी प्रमोद कुमार मिश्रा ने बताया कि बिना स्नान किए दुकान आना पड़ा है। पानी के अभाव में बच्चे तैयार नहीं हो सकें, जिसके कारण उन्हें स्कूल छोड़ना पड़ा।
गर्मी के दिन में बिजली सप्लाई ठप होने से परेशान लोग लगातार बिजली कंपनी के अधिकारियों और फ्यूज काल सेंटर में फोन मिलाते रहे। स्थानीय एडी बिहारी, बब्लू कुमार, सत्येंद्र कुमार सिंह, विजय कुमार आदि ने बताया कि बिजली कंपनी के अधिकारी और कर्मचारी कोई भी यह नहीं बता रहा था कि कब तक बिजली सप्लाई शुरू हो सकेगी। सिर्फ मिस्त्री भेजने का आश्वासन दे रहे थे। उन्होंने कहा कि अधिकारियों में भारी उदासीनता देखने को मिली। गंगा नदी से बाल्टी -बाल्टी पानी लाकर किसी तरह से काम निपटाना पड़ा। इन लोगों की मानें तो दिन के तीन बजे के बाद मिस्त्री आएं हैं। शाम साढ़े चार बजे तक बिजली सप्लाई शुरू नहीं हो सकी है। आक्रोशित लोगों ने स्पष्ट कहा कि बिजली कंपनी बिल की वसूली करने में तत्परता दिखाती है, उतनी ही तत्परता फाल्ट दुरूस्त दिखाती तो उपभोक्ताओं को लंबे समय तक परेशानी से नहीं जूझना पड़ता।
बिजली कंपनी के विद्युत कार्यपालक अभियंता सूर्य प्रकाश सिंह ने कहा कि हाईवा में तकनीकी खराबी आने के कारण पोल टूटे पोल को हटाने और नया पोल लगाने में विलंब हुआ है। उन्होंने बताया कि दूसरे जगह से हाइवा मंगाया गया है, जल्द ही फाल्ट दुरूस्त कर बिजली सप्लाई चालू कर दिया जाएगा।





