ACCIDENT

सीमावर्ती कैमूर जिला में हुए भीषण सड़क हादसा में देवढ़िया गांव के दो लोगों की मौत

तेज रफ्तार कार की टक्कर से बाइक सवार उछलकर नहर में गिरे, मौके पर ही मौत

न्यूज़ विज़न।  बक्सर 
बक्सर जिले के राजपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत देवढ़िया गांव के दो व्यक्तियों की सीमावर्ती कैमूर जिले में एक भीषण सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। यह हादसा बुधवार की सुबह कुढ़नी थाना क्षेत्र के रामकलपुर नहर पुल के समीप हुआ।

 

प्राप्त जानकारी के अनुसार, देवढ़िया गांव निवासी जगनारायण सिंह और धर्मराज राम बाइक से रोहतास जिले के परसथुआ की ओर जा रहे थे। इसी दौरान विपरीत दिशा से आ रही एक तेज रफ्तार और अनियंत्रित कार ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों बाइक सवार उछलकर सड़क किनारे स्थित सूखी नहर में जा गिरे। हादसे में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना के बाद कार और बाइक भी नहर में जा गिरी।

 

घटना के कुछ समय बाद राहगीरों की नजर शवों पर पड़ी, जिसके बाद कुढ़नी थाना पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पहचान कराने का प्रयास शुरू किया। करीब तीन घंटे तक पहचान नहीं हो पाने के कारण असमंजस की स्थिति बनी रही। बाद में काफी प्रयास के बाद दोनों मृतकों की पहचान हुई, जिसके बाद परिजनों को सूचना दी गई। जैसे ही यह दुखद खबर गांव पहुंची, पूरे इलाके में मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को जब्त कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button