प्रसव के बाद बिगड़ी हालत, वीके ग्लोबल अस्पताल में गर्भवती की मौत से बवाल
परिजनों ने लगाया लापरवाही का आरोप, प्रबंधन ने कहा—नाजुक हालत में लाई गई थी महिला; अस्पताल का विवादों से रहा है पुराना नाता


न्यूज़ विज़न। बक्सर
शहर के गोलंबर स्थित वीके ग्लोबल अस्पताल में सोमवार की देर शाम इलाज के दौरान एक 25 वर्षीय गर्भवती महिला की मौत के बाद परिजनों ने जमकर हंगामा किया। घटना के बाद अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी मच गई और स्थिति तनावपूर्ण हो गई।
मृतका की पहचान बाबा नगर निवासी पवन मिश्रा की पत्नी आभा मिश्रा के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, आभा को प्रसव के लिए सोमवार को एक निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया था, जहां महिला चिकित्सक की देखरेख में उन्होंने एक शिशु को जन्म दिया। हालांकि, प्रसव के कुछ ही देर बाद उनकी तबीयत अचानक बिगड़ने लगी। स्थिति गंभीर होते देख परिजन उन्हें शाम करीब 7:15 बजे बेहतर इलाज के लिए वीके ग्लोबल अस्पताल लेकर पहुंचे। यहां डॉक्टरों की टीम ने इलाज शुरू किया, लेकिन उनकी हालत में सुधार नहीं हो सका और उपचार के दौरान ही उनकी मौत हो गई।
महिला की मौत की खबर मिलते ही परिजन आक्रोशित हो उठे और अस्पताल प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया। उन्होंने दोषी चिकित्सकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करते हुए परिजनों को शांत कराया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं, अस्पताल के निदेशक डॉ. वी. के. सिंह ने आरोपों से इनकार करते हुए कहा कि महिला को अत्यंत नाजुक हालत में अस्पताल लाया गया था। इमरजेंसी में तत्काल इलाज शुरू किया गया और चिकित्सकों ने उसे बचाने की पूरी कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी। गौरतलब है कि वीके ग्लोबल अस्पताल का पूर्व में भी विवादों से नाता रहा है। यहां पहले भी मरीजों की मौत के बाद परिजनों द्वारा हंगामा किए जाने की घटनाएं सामने आती रही हैं, जिससे अस्पताल की कार्यप्रणाली पर सवाल उठते रहे हैं।





