खरवार समाज की बड़ी पहल: जाति प्रमाण पत्र में असमानता पर डीएम को सौंपा ज्ञापन
युवा खरवार महासभा ने उठाई प्रखंडवार भेदभाव की आवाज, प्रक्रिया को पारदर्शी और एकरूप बनाने की मांग


न्यूज़ विज़न। बक्सर
बक्सर, सोमवार। युवा खरवार महासभा, बिहार प्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष राजेश खरवार के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने बक्सर के जिला पदाधिकारी को एक महत्वपूर्ण ज्ञापन सौंपकर जिले में खरवार जाति प्रमाण पत्र निर्गमन में हो रही असमानता और व्यावहारिक कठिनाइयों का मुद्दा जोर-शोर से उठाया।
ज्ञापन में बताया गया कि बक्सर जिले के विभिन्न प्रखंडों में जाति प्रमाण पत्र जारी करने की प्रक्रिया एक समान नहीं है। कुछ प्रखंडों में जहां प्रमाण पत्र आसानी से निर्गत हो रहे हैं, वहीं कई प्रखंडों में प्रक्रिया बाधित है। इस असमानता के कारण समाज के छात्र-छात्राओं एवं आम नागरिकों को अनावश्यक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है, जिससे उनके शैक्षणिक और सामाजिक कार्य प्रभावित हो रहे हैं। प्रदेश अध्यक्ष राजेश खरवार ने कहा कि सरकार और प्रशासन में कई निष्ठावान अधिकारी समाज की समस्याओं के समाधान के लिए गंभीरता से काम कर रहे हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर कुछ स्थानों पर उत्पन्न विसंगतियों के कारण समाज में गलत संदेश जा रहा है। उन्होंने कहा कि इन खामियों को समय रहते दूर करना बेहद जरूरी है।
महासभा ने जिला प्रशासन से मांग की कि सभी प्रखंडों में एक समान और स्पष्ट दिशा-निर्देश लागू किए जाएं, लंबित आवेदनों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित किया जाए तथा पूरी प्रक्रिया को सरल, पारदर्शी और जनहितकारी बनाया जाए। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि यह मुद्दा केवल एक दस्तावेज का नहीं, बल्कि समाज के सम्मान, अधिकार और युवाओं के भविष्य से जुड़ा हुआ है। मीडिया से बातचीत के दौरान राजेश खरवार ने मीडिया जगत का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पत्रकार समाज और प्रशासन के बीच एक मजबूत सेतु का कार्य कर रहे हैं और जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से उठाकर वंचित वर्ग की आवाज को सशक्त बना रहे हैं। युवा खरवार महासभा ने विश्वास जताया कि जिला प्रशासन इस विषय को गंभीरता से लेते हुए शीघ्र सकारात्मक कार्रवाई करेगा। साथ ही समाज के लोगों से संयम बनाए रखने, एकजुट रहने और अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने की अपील भी की गई।





