जनगणना में सही पहचान दर्ज कराना जरूरी: युवा खरवार महासभा के प्रदेश अध्यक्ष राजेश खरवार का बड़ा बयान
“संख्या मजबूत होगी तभी सरकार तक पहुंचेगी आवाज” — खरवार समाज से जनगणना में सक्रिय भागीदारी की अपील


न्यूज़ विज़न। बक्सर
युवा खरवार महासभा, बिहार प्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष राजेश खरवार ने जनगणना को लेकर एक महत्वपूर्ण बयान जारी करते हुए इसे समाज के अस्तित्व, पहचान और अधिकारों से जुड़ा अहम मुद्दा बताया है। उन्होंने कहा कि जनगणना महज एक सरकारी प्रक्रिया नहीं, बल्कि यह किसी भी समाज की वास्तविक ताकत और उसकी भागीदारी को निर्धारित करने का आधार है।
राजेश खरवार ने स्पष्ट रूप से कहा कि खरवार समाज के प्रत्येक परिवार की यह जिम्मेदारी बनती है कि वे जनगणना के दौरान अपनी सही जातीय पहचान के साथ जानकारी दर्ज कराएं। इससे समाज की वास्तविक जनसंख्या सामने आएगी और सरकार के समक्ष उसकी मजबूत उपस्थिति दर्ज होगी, जिससे योजनाओं और अधिकारों में उचित हिस्सेदारी मिल सकेगी। उन्होंने चिंता जताई कि कई क्षेत्रों में जागरूकता की कमी के कारण लोग सही जानकारी नहीं दे पा रहे हैं। इसका सीधा असर समाज के अधिकारों और सरकारी योजनाओं में मिलने वाले लाभ पर पड़ सकता है। उन्होंने कहा कि यह स्थिति चिंताजनक है और इसे दूर करने के लिए संगठित प्रयास जरूरी हैं।
प्रदेश अध्यक्ष ने समाज के सभी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और युवाओं से अपील की कि वे घर-घर जाकर लोगों को जनगणना के महत्व के बारे में जागरूक करें और उन्हें सही तरीके से जानकारी देने के लिए प्रेरित करें। उन्होंने इसे एक अभियान के रूप में चलाने की बात कही, ताकि समाज का हर व्यक्ति इससे जुड़ सके। उन्होंने अपने बयान में कहा, “जिस समाज की संख्या मजबूत होती है, उसी की आवाज सरकार तक मजबूती से पहुंचती है।” इसलिए यह समय एकजुट होकर अपने अस्तित्व को दर्ज कराने का है। अंत में राजेश खरवार ने सभी जिलों के पदाधिकारियों से आह्वान किया कि वे जनगणना को गंभीरता से लेते हुए इसे एक व्यापक जनजागरण अभियान चलाये और समाज को संगठित कर उसकी भागीदारी सुनिश्चित करें।





