OTHERS

चौसा में अंबेडकर जयंती पर भव्य दुगोला चैता कार्यक्रम, रातभर झूमे दर्शक

लोक कलाकारों की शानदार प्रस्तुति से सजा सांस्कृतिक मंच, शिक्षा और जागरूकता पर दिया गया जोर

न्यूज़ विज़न।  बक्सर
बक्सर जिले के चौसा नगर पंचायत अंतर्गत आदर्श उच्च विद्यालय के खेल मैदान में गुरुवार की रात डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती के पावन अवसर पर भव्य दुगोला चैता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस आयोजन ने पूरे क्षेत्र में उत्सव जैसा माहौल बना दिया, जहां हजारों की संख्या में ग्रामीण, युवा और दर्शक देर रात तक कार्यक्रम का आनंद लेते रहे।

 

कार्यक्रम का नेतृत्व बक्सर थर्मल पावर मजदूर यूनियन के महामंत्री एवं पूर्व जिला पार्षद अधिवक्ता डॉ. मनोज कुमार यादव ने किया। आयोजन स्थल खचाखच भरा रहा और लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला। कार्यक्रम का उद्घाटन इलाहाबाद विश्वविद्यालय के प्रो. आर. के. पांडेय, दरोगा राम एवं स्थानीय ग्रामीणों द्वारा संयुक्त रूप से फीता काटकर किया गया। इस अवसर पर आयोजक डॉ. मनोज कुमार यादव ने सभी अतिथियों का पारंपरिक तरीके से पगड़ी एवं माला पहनाकर भव्य स्वागत किया। सांस्कृतिक कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के बलिया से आए प्रसिद्ध लोक कलाकार कमलेश देहाती और छपरा की चर्चित गायिका मनीषा राज ने चैता गायन की मनमोहक प्रस्तुति दी। उनके सुरों और लोकगीतों पर दर्शक देर रात तक झूमते रहे। पूरे मैदान में उत्साह, उमंग और आनंद का वातावरण बना रहा।

 

इस मौके पर डॉ. मनोज कुमार यादव ने अपने संबोधन में कहा कि बाबा साहब ने समाज के हर वर्ग को शिक्षा का अधिकार दिलाया और उनके सपनों का भारत बनाने के लिए शिक्षा को गांव-गांव तक पहुंचाना हम सबकी जिम्मेदारी है। उन्होंने लोगों से अपने बच्चों को शिक्षित करने की अपील करते हुए कहा कि शिक्षा ही उज्ज्वल भविष्य की सबसे बड़ी कुंजी है। वहीं प्रो. आर. के. पांडेय ने बाबा साहब के विचारों को अपनाने पर जोर देते हुए कहा कि शिक्षा सामाजिक परिवर्तन का सबसे सशक्त माध्यम है और समाज को आगे बढ़ाने का रास्ता भी इसी से निकलता है। कार्यक्रम में बसपा बिहार प्रभारी बलिराम, जिला प्रभारी हरिहर मेहरा, प्रखंड अध्यक्ष विजय राम, मुखिया सुरेश यादव, सुशील यादव, प्रो. धर्मेंद्र यादव सहित अनेक जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता और गणमान्य लोग उपस्थित रहे। इसके अलावा बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भागीदारी ने कार्यक्रम को ऐतिहासिक बना दिया।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button