मध्य विद्यालय तुरई डिहरा में वार्षिक परीक्षाफल वितरण, मेधावी छात्र-छात्राएं हुए सम्मानित
“प्रवेश से प्रगति तक” थीम पर आयोजित अभिभावक-शिक्षक संगोष्ठी में शिक्षा और संस्कार पर जोर, 90 विद्यार्थियों को मिला सम्मान


न्यूज़ विज़न। बक्सर
इटाढ़ी प्रखंड अंतर्गत मध्य विद्यालय तुरईडिहरा में सोमवार को वार्षिक परीक्षाफल वितरण सह अभिभावक-शिक्षक संगोष्ठी का आयोजन हर्षोल्लास एवं उत्सवपूर्ण वातावरण में किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय के प्रधानाध्यापक विकास कुमार के नेतृत्व में छात्राओं द्वारा प्रस्तुत स्वागत गीत से हुई, जिसने पूरे परिसर को उत्साह और ऊर्जा से भर दिया। इस अवसर पर सत्र 2025-26 के वर्ग एक से आठवीं तक के छात्र-छात्राओं को उनके अंक पत्र प्रधानाध्यापक, वर्ग शिक्षक एवं अभिभावकों के हाथों वितरित किए गए। साथ ही कक्षा में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले मेधावी विद्यार्थियों को मेडल एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
विद्यालय में हाल ही में आयोजित खेलकूद एवं विभिन्न शैक्षणिक प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को भी प्रधानाध्यापक द्वारा मेडल और प्रशस्ति पत्र प्रदान कर प्रोत्साहित किया गया। कार्यक्रम के दौरान प्रधानाध्यापक विकास कुमार ने बताया कि विभागीय निर्देश के आलोक में “प्रवेश से प्रगति तक, विद्यालय और अभिभावक साथ-साथ” थीम के तहत इस संगोष्ठी का आयोजन किया गया। उन्होंने अभिभावकों और विद्यालय के बीच बेहतर समन्वय पर बल देते हुए कहा कि जब दोनों का सहयोग मजबूत होगा, तभी बच्चों का सर्वांगीण विकास संभव है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे बच्चों की पढ़ाई में सक्रिय रुचि लें और उन्हें सकारात्मक एवं प्रेरणादायक वातावरण प्रदान करें, ताकि उनका भविष्य उज्ज्वल बन सके। संगोष्ठी में बच्चों के बेहतर भविष्य के निर्माण को लेकर विस्तृत चर्चा भी की गई।
इस अवसर पर विद्यालय परिवार की ओर से सभी शिक्षकों को भी मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया। वहीं कक्षा आठ के छात्र-छात्राओं के बीच स्थानांतरण प्रमाण पत्र का वितरण कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। कार्यक्रम के दौरान कक्षा एक से आठवीं तक के विद्यार्थियों को नए शैक्षणिक सत्र के लिए पाठ्यपुस्तकों का भी वितरण किया गया, जिससे बच्चों में नई ऊर्जा और उत्साह देखने को मिला। सम्मानित होने वाले छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों में विश्वजीत कुमार, मोहित यादव, विंध्याचल प्रसाद, अनिल कुमार पाठक, सुहानी राय, उपेंद्र बहादुर, रविशंकर, राकेश कुमार, शुभम, प्रिंस, ललिता, आदित्य, सेजल, आयुष, विशाल, प्राची, लोकेश, रागिनी, शिवम, आकाश, कृष्णा, कुंजराज, आदित्य एवं आदर्श सहित कुल 90 छात्र-छात्राएं शामिल रहे। कार्यक्रम की सफलता में विद्यालय परिवार, अभिभावकों एवं छात्र-छात्राओं की सक्रिय भागीदारी सराहनीय रही।





