ACCIDENT

संदिग्ध सड़क हादसे में 28 वर्षीय युवक की मौत, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका

एनएच-922 पर अहिरौली गांव के पास हुई घटना, सीसीटीवी जांच की मांग तेज; शादी के 9 महीने बाद उजड़ा परिवार

न्यूज़ विज़न।  बक्सर 
बक्सर-पटना राष्ट्रीय उच्च पथ (एनएच-922) पर औद्योगिक थाना क्षेत्र के अहिरौली गांव के समीप रविवार की देर रात एक संदिग्ध सड़क दुर्घटना में 28 वर्षीय युवक की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई, वहीं परिजनों ने इसे साधारण हादसा मानने से इनकार करते हुए सुनियोजित हत्या की आशंका जताई है।

 

प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 की पुलिस टीम मौके पर पहुंची। सड़क पर गंभीर रूप से घायल अवस्था में पड़े स्कूटी सवार युवक को तत्काल सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान औद्योगिक थाना क्षेत्र के गोगौरा गांव निवासी नीतीश कुमार तिवारी (28 वर्ष) के रूप में हुई है। घटना की खबर मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंचे और पुलिस के समक्ष कई गंभीर सवाल खड़े किए। मृतक के पिता अवधेश तिवारी ने बताया कि उनका बेटा नीतीश अपने पैतृक गांव गोगौरा से स्कूटी पर सवार होकर जिला मुख्यालय स्थित सोहनीपट्टी स्थित अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान अहिरौली गांव के समीप काली मंदिर के पास किसी अज्ञात वाहन ने उसे जोरदार टक्कर मार दी।

 

हालांकि परिजनों का कहना है कि यह महज सड़क दुर्घटना नहीं, बल्कि एक साजिश के तहत की गई हत्या हो सकती है। उन्होंने आरोप लगाया कि घटना की परिस्थितियां कई सवाल खड़े करती हैं। परिजनों ने पुलिस से मांग की है कि घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को खंगाला जाए और निष्पक्ष जांच सुनिश्चित की जाए। बताया जाता है कि मृतक नीतीश ट्रांसपोर्टिंग का कार्य करता था और अपने दो भाइयों में सबसे बड़ा था। परिवार की पूरी जिम्मेदारी उसी के कंधों पर थी। उसकी शादी महज नौ महीने पहले ही हुई थी। ऐसे में उसकी असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और घर में मातम पसरा हुआ है।

वहीं, औद्योगिक थानाध्यक्ष सुरेश कुमार सिंह ने बताया कि परिजनों को समझा-बुझाकर शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। उन्होंने आश्वासन दिया कि घटनास्थल के आसपास लगे सभी सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच की जाएगी और मामले की हर एंगल से जांच कर सच्चाई सामने लाई जाएगी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और यह देखना अहम होगा कि यह हादसा था या किसी साजिश का हिस्सा।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button