रामनवमी पर गूंजा ‘जय श्रीराम’, यमुना चौक श्री राधा-कृष्ण मंदिर में धूमधाम से मनाया गया प्रभु श्रीराम का जन्मोत्सव
दोपहर 12 बजे शंख-घंटों की गूंज से भक्तिमय हुआ माहौल, वैदिक विधि से पूजा-अर्चना के साथ प्रसाद वितरण, शहरभर में दिखी आस्था की झलक


न्यूज़ विज़न। बक्सर
रामनवमी के पावन अवसर पर शुक्रवार दोपहर ठीक 12 बजते ही जिले के विभिन्न मठ-मंदिरों में घंटे-घड़ियालों की गूंज सुनाई देने लगी। शंखध्वनि से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा, वहीं चारों ओर सोहर और बधाई गीतों की मधुर ध्वनि गूंजने लगी। ‘जय श्रीराम’ के जयघोष से पूरा शहर श्रद्धा और आस्था में सराबोर नजर आया। मंदिरों में भगवान श्रीराम के जन्मोत्सव को लेकर विशेष आयोजन किए गए। जैसे ही भगवान श्रीराम और उनके चारों भाइयों के जन्म का शुभ मुहूर्त आया, भक्तों ने ‘भये प्रगट कृपाला, दीनदयाला कौशल्या…’ जैसे भक्ति गीतों का स्तुतिगान करते हुए प्रभु का अभिषेक और विधिवत पूजा-अर्चना की।
शहर के यमुना चौक के समीप स्थित श्री राधा-कृष्ण मंदिर में भी भगवान श्रीराम का जन्मोत्सव बड़े ही धूमधाम और श्रद्धा के साथ मनाया गया। इस आयोजन का नेतृत्व ईशान त्रिवेदी ने किया। कार्यक्रम के दौरान श्रद्धालुओं द्वारा श्रीराम जन्म की स्तुति गान की गई और वैदिक विधि से पूजा-अर्चना संपन्न कराई गई। इसके बाद भक्तों के बीच प्रसाद का वितरण किया गया।
पूरे दिन मंदिर परिसर में भक्ति कार्यक्रमों का दौर चलता रहा, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। इस अवसर पर बिमलेश पाठक, रमाकांत तिवारी, अभिषेक वर्मा, बजरंगी मिश्रा, अमित चौरसिया, आशीष चौरसिया, राजेश महाराज, गुप्तेश्वर चौबे, सौरभ मिश्रा, अमरेंद्र दुबे, वासु गुप्ता सहित सैकड़ों श्रद्धालु उपस्थित रहे। रामनवमी के इस पावन अवसर पर पूरे शहर में भक्ति, उल्लास और श्रद्धा का अनूठा संगम देखने को मिला।
वीडियो देखें :





