Uncategorized

चौसा में गूंजा लोक संगीत का सुर : दुगोला चैता गायन में सुदर्शन यादव और रमाशंकर सिंह के बीच रोमांचक मुकाबला

मुरा बाबा पूजा समिति के तत्वावधान में आयोजित भव्य कार्यक्रम में उमड़ी भीड़, लोकसंस्कृति की समृद्ध परंपरा का हुआ जीवंत प्रदर्शन

न्यूज़ विज़न।  बक्सर 
चौसा प्रखंड अंतर्गत सतलुज थर्मल पावर लिमिटेड परिसर में श्री मुरा बाबा पूजा समिति के तत्वावधान में भव्य दुगोला चैता गायन कार्यक्रम का आयोजन बड़े ही उत्साह और श्रद्धा के साथ संपन्न हुआ। इस आयोजन ने क्षेत्र में लोकसंगीत और भोजपुरी संस्कृति की जीवंत झलक प्रस्तुत की।

 

कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण मगध सम्राट के रूप में प्रसिद्ध लोकगायक सुदर्शन यादव और सुप्रसिद्ध लोकगायक रमाशंकर सिंह के बीच दुगोला चैता गायन का रोमांचक मुकाबला रहा। दोनों कलाकारों ने अपनी मधुर आवाज, पारंपरिक गायन शैली और मनमोहक लोकधुनों से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। दर्शकों ने देर रात तक तालियों और उत्साह के साथ कलाकारों का हौसला बढ़ाया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में आसपास के गांवों एवं क्षेत्र के लोग उपस्थित रहे और भोजपुरी लोक संस्कृति की समृद्ध परंपरा का भरपूर आनंद उठाया। कार्यक्रम के दौरान पूर्व जिला पार्षद सह अधिवक्ता डॉ. मनोज कुमार यादव ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि चैता लोकगीत हमारी सांस्कृतिक विरासत की अमूल्य धरोहर हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन समाज में भाईचारा, सांस्कृतिक चेतना और परंपराओं के संरक्षण को मजबूती प्रदान करते हैं।

 

उन्होंने आगे कहा कि आधुनिक दौर में भी लोक परंपराओं का जीवित रहना इन कलाकारों और आयोजनों की देन है, जो अपनी कला के माध्यम से संस्कृति को नई पीढ़ी तक पहुंचा रहे हैं। डॉ. यादव ने आयोजन समिति के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के कार्यक्रम युवाओं को अपनी जड़ों से जोड़ने का सशक्त माध्यम हैं। कार्यक्रम की अध्यक्षता अजय कुमार चौधरी ने की, जिन्होंने आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इस दौरान सिंहासन चौधरी, शिव दाहिन राय, सुदर्शन राजभर, रामकृष्ण चौधरी, समाजसेवी अधिवक्ता विनोद यादव, नसीम शाह, बहुजन समाज पार्टी चौसा के प्रखंड अध्यक्ष विजय कुमार राम, ज्योति यादव सहित हजारों की संख्या में लोग उपस्थित रहे। समापन पर उपस्थित लोगों ने इस आयोजन की सराहना करते हुए इसे क्षेत्र की सांस्कृतिक पहचान को मजबूत करने वाला महत्वपूर्ण प्रयास बताया।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button