CRIME

मुख्यमंत्री के आगमन से पहले उत्पाद विभाग की बड़ी कार्यवाई, कंटेनर और कार से भारी मात्रा में शराब बरामद

108 पेटी विदेशी शराब जब्त, तीन तस्कर गिरफ्तार

न्यूज़ विज़न।  बक्सर 
जिले में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के प्रस्तावित दौरे से पहले उत्पाद विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध शराब तस्करी के खिलाफ कड़ा अभियान चलाया है। इस दौरान दो अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर कुल 108 पेटी विदेशी शराब जब्त की गई है। साथ ही तीन तस्करों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।

 

उत्पाद अधीक्षक अशरफ जमाल ने जानकारी देते हुए बताया कि मंगलवार की सुबह शहर के वीर कुंवर सिंह चेक पोस्ट पर इंस्पेक्टर कुंदन कुमार के नेतृत्व में सघन जांच अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान एक संदिग्ध कंटेनर को रोककर उसकी तलाशी ली गई। जांच के दौरान कंटेनर के अंदर टॉयलेट क्लीनर के कार्टनों में छिपाकर रखी गई विदेशी शराब बरामद की गई। जब्त कंटेनर से कुल 98 पेटी विदेशी व्हिस्की बरामद हुई, जिसकी कुल मात्रा 852.560 लीटर बताई गई है। इस मामले में ट्रक चालक को गिरफ्तार किया गया है, जिसकी पहचान उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर जिले के करौदी कला गांव निवासी सद्दाम हुसैन (33 वर्ष) के रूप में हुई है। उसके खिलाफ उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जेल भेज दिया गया है।

 

वहीं, दूसरी कार्रवाई सोमवार को मुफस्सिल थाना क्षेत्र के चौसा चेक पोस्ट पर की गई। उत्पाद एएसआई सृष्टि कुमारी के नेतृत्व में चलाए जा रहे जांच अभियान के दौरान एक स्विफ्ट डिजायर कार को रोका गया। तलाशी लेने पर कार से 9 पेटी विदेशी शराब और एक पेटी बीयर बरामद की गई, जिसकी कुल मात्रा 89.760 लीटर बताई गई है। इस मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। उनकी पहचान वैशाली जिले के अलीपुर गांव निवासी रामाशंकर राम (44 वर्ष) और फुलवरिया गांव निवासी जितेंद्र कुमार (39 वर्ष) के रूप में हुई है। दोनों आरोपियों के खिलाफ उत्पाद अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए जेल भेज दिया गया है। पूछताछ के दौरान यह खुलासा हुआ है कि जब्त कंटेनर हरियाणा से पटना के दनियावा ले जाया जा रहा था। फिलहाल उत्पाद विभाग पूरे नेटवर्क की जांच में जुटा हुआ है और अन्य तस्करों की तलाश जारी है।

वीडियो देखें :

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button