पैक्स अध्यक्ष सुदामा सिंह को अपराधियों ने मारी गोली, हालत गंभीर जांच में जुटी पुलिस
चैता गायन के बाद अहले सुबह शौच के लिए निकले थे सुदामा प्रसाद, घात लगाए अपराधियों ने दिया वारदात को अंजाम


न्यूज़ विज़न। बक्सर
जिले के सोनवर्षा थाना क्षेत्र अंतर्गत गिरधर बरांव गांव में मंगलवार की अहले सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब अज्ञात अपराधियों ने पैक्स अध्यक्ष सुदामा प्रसाद को गोली मार दी। इस हमले में वे गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिन्हें परिजनों द्वारा आनन-फानन में इलाज के लिए आरा के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सोमवार की रात गांव के काली मंदिर परिसर में सुदामा प्रसाद के नेतृत्व में चैता गायन का आयोजन किया गया था। कार्यक्रम देर रात तक चलता रहा, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए। बताया जाता है कि मंगलवार की सुबह करीब चार बजे सुदामा प्रसाद शौच के लिए मंदिर परिसर से बाहर निकले थे। इसी दौरान पहले से घात लगाए बैठे अज्ञात अपराधियों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोली उनके जांघ में लगने की बात सामने आ रही है, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जुट गई। परिजनों ने तत्काल उन्हें अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है। फिलहाल इस घटना के पीछे के कारणों का स्पष्ट खुलासा नहीं हो सका है, लेकिन प्रारंभिक तौर पर पुरानी रंजिश की आशंका जताई जा रही है।
इस संबंध में सोनवर्षा थानाध्यक्ष संतोष कुमार ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई है। अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किए जाने की बात कही जा रही है।





