अकीदतमंदों ने मस्जिदों में अदा की अलविदा जुमे की नमाज
शहर की बड़ी मस्जिद, मेन रोड में सुबह 8:15 बजे नमाज होगी, अन्य मस्जिदों का जारी हुआ समय सारणी


न्यूज विजन। बक्सर
रमजान माह के अंतिम जुमा को अकीदत के साथ शहर के सभी मस्जिदों में नमाज अदा की गई। मस्जिदों में अत्याधिक भीड़ होने के चलते सुरक्षा की व्यापक व्यवस्था की गई थी। अकीदतमंदों ने नमाज अदा कर देश में अमन शांति की दुआ मांगी। रमजान के 27 वें दिन आखिरी जुमा होने से शुक्रवार को मस्जिदों में रोजेदारों की अच्छी खासी भीड़ रही। नगर के बड़ी मस्जिद, कचहरी मस्जिद के अलावा सभी प्रमुख मस्जिदों में अल्लाह के बंदों ने अलविदा की नमाज अदा की। वहीं प्रशासन द्वारा ईद की नमाज के लिए भी विशेष इंतजाम किया गया है।
मस्जिदों के इमामों ने बुराई से बचने व नेक काम करने की बात कही। उन्होंने कहा कि दूसरों के साथ भलाई करने की बात भी कही। कहा कि सच्ची इबादत से इंसान की बुराइयां समाप्त होने के साथ ही सभी मुसीबत दूर हो जाती है। उन्होंने अपील किया कि फितरा का पैसा ईद उल फितर के चांद होने से पहले गरीबों व जरूरतमंदों के बीच बांटे। साथ ही उन्हानें पांच वक्त की नमाज अदा करने की भी अपील की। मस्जिद के मौलवी ने बताया कि अलविदा जुमे के दिन अल्लाह की इबादत करने और नमाज पढ़ने से कई गुना अधिक सबब मिलता है। रमजान के आखिरी जुमे के दिन मुस्लिम समुदाय के लोग अल्लाह का शुक्रिया अदा करते हैं और अमन-शांति की दुआ भी मांगते हैं। इस्लामिक धार्मिक मान्यताओं के मुताबिक, जुम्मे के दिन हर मस्जिद पर फरिश्ते मौजूद रहते हैं और जुम्मा की नमाज अदा करने वालों का नाम लिखते हैं।
शहर के बाजारों में ईद की तैयारी अंतिम दौर में पहुंच गई है। ईद को लेकर रोजेदारों ने खरीदारी तेज कर दी है। शुक्रवार को भी बाजारों में रोजेदारों की भीड़ से रौनक बढ़ गई थी। फुटपाथ से लेकर प्रमुख दुकानों पर सेवई आदि की खूब बिक्री हुई। जूता-चप्पल और रेडिमेड कपड़ा के दुकानों पर भी महिला और पुरूषों की भीड़ रही। मुनीम चौक, ठठेरी बाजार, कचहरी मस्जिद रोड, पीपी रोड, रामरेखा घाट स्थित मीना बाजार में कॉस्मेटिक दुकानों पर लोगों ने जमकर खरीदारी की। बाजार में देर रात तक गुलजार रहे। त्योहार पर किसी तरह की कोई कमी नहीं रह जाए इसके लिए लोगों ने खरीदारी करने में कोई कसर नहीं छोड़ी।
बक्सर में ईद-उल-फितर की नमाज को लेकर मस्जिदों में समय तय कर दिया गया है। मदरसा दारुल उलूम अशरफिया मुख्तारुल उलूम, मुसाफिरगंज, बक्सर ने जिला पदाधिकारी को पत्र भेजकर इस संबंध में जानकारी दी है। पत्र के अनुसार जिले की विभिन्न मस्जिदों में निर्धारित समय पर ईद की नमाज अदा की जाएगी, जिससे प्रशासन और नमाजियों को सहूलियत होगी।
शहर की बड़ी मस्जिद, मेन रोड में सुबह 8:15 बजे नमाज होगी। वहीं, कचहरी मस्जिद, मुनीम चौक में 8 बजे, मुसाफिरगंज मस्जिद में 7.45 बजे, गजाधरगंज मस्जिद में 8 बजे नमाज अदा की जाएगी। चरित्रवन स्थित हजरत गुलाम हुसैन शाह की मस्जिद में नमाज का समय 8:15 बजे तय किया गया है, जबकि सेन्ट्रल जेल की कर्बला मस्जिद में 8 बजे नमाज होगी। इसके अलावा शाही मस्जिद सराय फाटक में 8 बजे, नूरी मस्जिद सोहनी पट्टी में 8 बजे, जबकि खलासी मोहल्ला की जुल्फजल मस्जिद में 8.30 बजे नमाज अदा की जाएगी। रेहलवाली वाली मस्जिद में 8 बजे, नालबंद टोली मस्जिद में 8.15 बजे, सिविल लाइन मस्जिद में 7:30 बजे और दर्जी मोहल्ला मस्जिद में 8.15 बजे नमाज होगी। खलासी मोहल्ला की मदीना मस्जिद में 8 बजे, दूध पोखरी कब्रिस्तान, कोइरपुरवा में 8:30 बजे, बक्सर के बड़की सारीमपुर ईदगाह में 7:45 बजे, जामा मस्जिद सारीमपुर में 8 बजे और गरीब नवाज जामा मस्जिद सारीमपुर में 8.5 बजे ईद की नमाज अदा की जाएगी। मस्जिद तुर्कपुरवा में 7.45 बजे, जामा मस्जिद, चौसा में 8.15 बजे, खानकाही मस्जिद, चौसा में 7.45 बजे और नूरी मस्जिद, इटाढ़ी में 8 बजे नमाज अदा की जाएगी।
मदरसा दारुल उलूम अशरफिया मुख्तारुल उलूम के सचिव डॉ. निसार अहमद द्वारा हस्ताक्षरित इस पत्र को प्रशासनिक अधिकारियों को भेजा गया है, ताकि सुरक्षा ताकि सुरक्षा और अन्य व्यवस्थाएं सुचारू रूप से बनाई जा सके।





