OTHERS

9 वर्षों से लंबित सैनिक कल्याण परिसर पर तेज़ हुई पहल, पूर्व सैनिकों ने विधायक राहुल सिंह को सौंपा ज्ञापन

10,000 से अधिक पूर्व सैनिकों और वीर नारियों के हित में बक्सर में अत्याधुनिक ‘सैनिक कल्याण परिसर’ निर्माण की मांग, विधायक ने मुख्यमंत्री तक मुद्दा उठाने का दिया भरोसा

न्यूज़ विज़न।  बक्सर 
बक्सर जिले में पिछले 9 वर्षों (2017-2026) से लंबित ‘सैनिक कल्याण परिसर’ के निर्माण को लेकर अब पहल तेज़ होती नजर आ रही है। शुक्रवार को बिहार राज्य पूर्व सैनिक संघ, बक्सर के एक प्रतिनिधिमंडल ने डुमरांव विधायक राहुल सिंह से मुलाकात कर उन्हें एक विस्तृत ज्ञापन सौंपा और इस महत्वपूर्ण परियोजना को शीघ्र शुरू कराने की मांग की।

 

प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व संघ के जिला अध्यक्ष पूर्व सूबेदार मेजर रामनाथ सिंह ने किया। उन्होंने विधायक को अवगत कराया कि जिले में लगभग 10,000 से अधिक सेवानिवृत्त सैनिक एवं वीर नारियां निवास करती हैं, जिनके कल्याण के लिए ‘सैनिक कल्याण परिसर’ का निर्माण अत्यंत आवश्यक है। प्रस्तावित इस परिसर में ECHS पॉलीक्लिनिक, CSD कैंटीन, जिला सैनिक कल्याण कार्यालय तथा विश्राम गृह जैसी महत्वपूर्ण सुविधाएं शामिल हैं, जिससे पूर्व सैनिकों को एक ही स्थान पर सभी सेवाएं उपलब्ध हो सकेंगी। प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि वर्ष 2017 से इस परियोजना की फाइल जल संसाधन विभाग में लंबित है, जिससे निर्माण कार्य शुरू नहीं हो सका है। उन्होंने विधायक से आग्रह किया कि इस फाइल को शीघ्र आगे बढ़ाया जाए और इस गंभीर विषय को मुख्यमंत्री तक पहुंचाया जाए।

 

साथ ही, यदि पूर्व में चिह्नित भूमि (खाता-260, खेसरा-941) में किसी प्रकार की तकनीकी बाधा आ रही हो, तो वैकल्पिक रूप से बक्सर रेलवे स्टेशन या बस स्टैंड के समीप किसी अन्य सरकारी भूमि पर परिसर निर्माण सुनिश्चित किया जाए। विधायक राहुल सिंह ने प्रतिनिधिमंडल की बातों को गंभीरता से सुना और आश्वासन दिया कि वे इस मुद्दे को मुख्यमंत्री के समक्ष मजबूती से उठाएंगे तथा विभागीय स्तर पर आ रही बाधाओं को दूर करने के लिए हरसंभव प्रयास करेंगे। उन्होंने भावुक शब्दों में कहा कि “मैं भी एक फौजी हूं और फौजियों के इस कार्य के लिए अपना सब कुछ निछावर करने को तैयार हूं, यह कार्य जरूर पूरा होगा।” इस दौरान रामनाथ सिंह ने विधायक के कार्यों और समर्पण की सराहना करते हुए उन्हें धन्यवाद दिया और पूरे प्रमाण के साथ बिंदुवार तरीके से अपनी मांगें उनके समक्ष रखीं।

इस अवसर पर प्रतिनिधिमंडल में संघ के संरक्षक कर्नल एन. एन. सिंह (उपाध्यक्ष, अनुश्रवण समिति एवं पूर्व OIC ECHS), पूर्व सूबेदार मेजर हरि शंकर सिंह (सेना मेडल, डुमरांव अनुमंडल अध्यक्ष), पूर्व सूबेदार मेजर जितेन्द्र प्रसाद सिंह (सदर अनुमंडल अध्यक्ष), पूर्व नायब सूबेदार मिथिलेश कुमार यादव (सचिव), तारा बाबू सिंह, JWO जयप्रकाश प्रसाद (निदेशक), मोहन यादव (उपाध्यक्ष), रमाकांत सिंह, विपिन बिहारी सिंह (अध्यक्ष, चक्की प्रखंड), ध्रुब यादव, अवध यादव (मीडिया प्रभारी, डुमरांव), मनजी सिंघानिया (मीडिया संयोजक, बक्सर), हरिकिशुन पाल, सिताराम प्रसाद, जगलाल प्रसाद, पूर्व सूबेदार मेजर दीन दयाल प्रसाद, कैप्टन राजीव रंजन तिवारी सहित सैकड़ों पूर्व सैनिक उपस्थित रहे। प्रतिनिधिमंडल में शामिल सभी पूर्व सैनिकों ने एक स्वर में राष्ट्र सेवा कर चुके जवानों के अधिकारों के लिए न्याय की मांग की और इस महत्वपूर्ण परियोजना को जल्द धरातल पर उतारने की अपील की।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button