भभुअर में दुगोला चैता मुकाबले की गूंज, लोक संस्कृति के रंग में रंगा पूरा गांव
पूर्व जिला पार्षद डॉ. मनोज कुमार यादव ने किया उद्घाटन, रमाशंकर सिंह और सुदर्शन यादव की टीमों के बीच हुआ रोमांचक मुकाबला, हजारों की भीड़ उमड़ी


न्यूज़ विज़न। बक्सर
सदर प्रखंड अंतर्गत बोक्सा पंचायत के ग्राम भभुअर में दुगोला चैता मुकाबले का भव्य आयोजन किया गया, जिसने पूरे क्षेत्र को लोक-सांस्कृतिक रंग में सराबोर कर दिया। इस आयोजन में प्रसिद्ध कलाकार रमाशंकर सिंह एवं सुदर्शन यादव की टीमों के बीच जोरदार चैता गायन मुकाबला हुआ, जिसे सुनने के लिए दूर-दूर से लोग पहुंचे।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि पूर्व जिला पार्षद सह अधिवक्ता डॉ. मनोज कुमार यादव ने फीता काटकर किया। यह आयोजन बोक्सा पंचायत के सम्मानित मुखिया सुरेश यादव के मार्गदर्शन में दुग्ध व्यवसाई संघ द्वारा सफलतापूर्वक संपन्न कराया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डॉ. मनोज कुमार यादव ने कहा कि चैता और दुगोला जैसी लोक-सांस्कृतिक परंपराएं हमारी ग्रामीण विरासत की अमूल्य धरोहर हैं। उन्होंने कहा कि यह केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि समाज को एक सूत्र में बांधने वाली परंपरा है, जो आपसी भाईचारा और सामाजिक समरसता को मजबूत करती है। उन्होंने चिंता जताते हुए कहा कि आधुनिकता के इस दौर में नई पीढ़ी अपनी लोक परंपराओं से दूर होती जा रही है, ऐसे में इस तरह के आयोजन उन्हें अपनी जड़ों से जोड़ने का महत्वपूर्ण कार्य करते हैं। उन्होंने आयोजन समिति और कलाकारों की सराहना करते हुए कहा कि इतने बड़े स्तर पर सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन क्षेत्र की पहचान को मजबूत करता है और लोक कलाकारों को मंच प्रदान करता है।
मुकाबले के दौरान रमाशंकर सिंह और सुदर्शन यादव की टीमों ने अपनी-अपनी प्रस्तुति से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। दोनों पक्षों के बीच हुए रोचक मुकाबले ने पूरे माहौल को उत्साह और ऊर्जा से भर दिया। दर्शकों की भारी भीड़ ने कार्यक्रम की भव्यता को और बढ़ा दिया। इस अवसर पर महदह पंचायत के मुखिया सुशील यादव, छात्र नेता तुषार विजेता, सुभाष यादव, ददन यादव, पूर्व जिला पार्षद बीरबल रजक, मुखिया पिंटू यादव, संजीव यादव, गोविंद यादव, बरमेश्वर चौहान, सुरेश पाल, अजीत शर्मा, शिवानंद यादव, हरिद्वार यादव, शिववचन यादव, किन्नू पाण्डेय, छोटक खरवार, मधुबन यादव, रामायण गोंड, प्रमोद यादव, तेजनारायण पाल, अधिवक्ता विनोद कुमार यादव, जितेंद्र यादव सहित हजारों की संख्या में लोग उपस्थित रहे।





