OTHERS

जी.डी. मिश्रा इंस्टीट्यूट में डी.एल.एड. सत्र 2025-27 का भव्य शुभारंभ, शिक्षकों ने दिया राष्ट्र निर्माण का संदेश

मुख्य अतिथि डॉ. राजेश्वर मिश्र ने प्रशिक्षुओं को नैतिक मूल्यों और शिक्षक धर्म का महत्व बताया, टीएलएम प्रदर्शनी ने भी खींचा ध्यान

न्यूज़ विज़न।  बक्सर 
बक्सर के इटाढ़ी रोड लालगंज स्थित जी. डी. मिश्रा इंस्टीट्यूट ऑफ हायर स्टडीज में डी.एल.एड. (डिप्लोमा इन एलीमेंट्री एजुकेशन) के नवीन सत्र 2025-27 का शुभारंभ समारोह बड़े ही गरिमामय एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। इस अवसर पर शिक्षाविद् डॉ. राजेश्वर मिश्र मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

 

कार्यक्रम का शुभारंभ संस्थान के सचिव प्रदीप मिश्रा एवं प्राचार्य डॉ. जे. आर. चौधरी द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया गया। समारोह में उपस्थित सभी अतिथियों एवं प्रशिक्षुओं ने शिक्षा के महत्व को लेकर सकारात्मक ऊर्जा का अनुभव किया। अपने प्रेरणादायी संबोधन में मुख्य अतिथि डॉ. राजेश्वर मिश्र ने कहा कि एक शिक्षक केवल ज्ञान देने वाला नहीं, बल्कि समाज निर्माण की आधारशिला होता है। उन्होंने प्रशिक्षुओं से आह्वान किया कि वे अपने कर्तव्यों, दायित्वों और नैतिक मूल्यों के प्रति सजग रहें तथा गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के माध्यम से राष्ट्र के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में योगदान दें। संस्थान के सचिव प्रदीप मिश्रा ने अपने उद्बोधन में संस्थान की शैक्षणिक उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि अनुशासन, समर्पण और निरंतर अध्ययन ही सफलता की कुंजी है। वहीं प्राचार्य डॉ. जे. आर. चौधरी ने नवप्रवेशित प्रशिक्षुओं का स्वागत करते हुए सत्र की रूपरेखा, प्रशिक्षण की उपयोगिता एवं भविष्य की संभावनाओं पर विस्तार से जानकारी दी।

 

कार्यक्रम में फाउंडेशन स्कूल के प्रधानाचार्य मनोज त्रिगुण, एस. के. दुबे, अजय पाल, सुनील मिश्रा, अरविन्द सिंह, प्रकाश मिश्र, निशांत मिश्र एवं प्रभाष सहित बी.एड. एवं डी.एल.एड. के प्रशिक्षु बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। सभी प्रशिक्षुओं ने अपने शिक्षकीय जीवन की सफल शुरुआत का संकल्प लिया। मंच संचालन दीपक एवं ऋतिका द्वारा प्रभावशाली ढंग से किया गया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन अश्विनी कुमार ने प्रस्तुत किया।

इससे पूर्व सत्र 2024-26 के छात्र-छात्राओं द्वारा तैयार किए गए आकर्षक टीएलएम (शिक्षण-अधिगम सामग्री) की प्रदर्शनी भी लगाई गई, जिसका अतिथियों ने अवलोकन किया। विभिन्न विषयों को सरल और रोचक ढंग से प्रस्तुत करने की छात्रों की शैली की सभी ने सराहना की।

वीडियो देखें :

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button