होली की रात दरवाजे पर सो रहे युवक की गला दबाकर हत्या, पुरानी रंजिश में वारदात से गांव में सनसनी
राजपुर थाना क्षेत्र के हेठुआ गांव की घटना, मां को बंधक बनाकर की बेरहमी से पिटाई; बकरी चोरी के विवाद को लेकर चल रही थी दुश्मनी, पुलिस जांच में जुटी


न्यूज़ विज़न। बक्सर
बक्सर जिले के राजपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत हेठुआ गांव में होली की रात एक 20 वर्षीय युवक की गला दबाकर हत्या कर दिए जाने की घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान मंटू मौर्य (20 वर्ष), पिता भागीरथी सिंह के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि युवक अपने घर के दरवाजे पर सो रहा था, तभी कुछ युवकों ने घर में घुसकर उसके साथ मारपीट की और गला दबाकर उसकी हत्या कर दी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बुधवार की शाम गांव में होली के रंग और उमंग का माहौल था। इसी दौरान गांव के कुछ मनबढ़ युवकों ने मंटू मौर्य के साथ मारपीट की थी। ग्रामीणों के हस्तक्षेप के बाद उस समय मामला शांत हो गया था। लेकिन देर रात जब परिवार के सभी सदस्य सो गए, तभी आरोपित युवक फिर से उसके घर पहुंच गए और सोए अवस्था में मंटू के साथ दोबारा मारपीट शुरू कर दी। मारपीट की आवाज सुनकर घर के बगल के कमरे में सो रही उसकी मां प्रमिला देवी बाहर आईं और विरोध जताया। इस पर आरोपियों ने उनके साथ भी मारपीट की और उन्हें बंधक बना लिया। इसके बाद मंटू मौर्य को बेरहमी से पीटते हुए उसका गला दबा दिया, जिससे वह अचेत हो गया। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोगों की आहट मिलते ही सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। इसके बाद रोते-बिलखते परिजन मंटू को लेकर गांव के ही एक निजी चिकित्सक के पास पहुंचे। वहां से चिकित्सक ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए बक्सर रेफर कर दिया। लेकिन बक्सर पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। होली के मौके पर हुई इस दर्दनाक घटना से पूरे गांव में मातम का माहौल है। मृतक की मां प्रमिला देवी ने पुलिस को दिए बयान में गांव के ही सुरेंद्र खरवार समेत कई अन्य लोगों पर घर में जबरन घुसकर मारपीट करने और गला दबाकर हत्या करने का आरोप लगाया है।
घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंचे पूर्व बसपा नेता सह कुशवाहा महासंघ के जिला अध्यक्ष अभिमन्यु कुशवाहा ने घटना की कड़ी निंदा की। उन्होंने कहा कि इस जघन्य अपराध में शामिल सभी आरोपियों की जल्द से जल्द गिरफ्तारी कर कठोर कार्रवाई की जानी चाहिए। ग्रामीणों के अनुसार लगभग छह माह पहले मंटू मौर्य की बकरी चोरी हो गई थी। इस मामले में मंटू ने राजपुर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। पुलिस जांच के बाद आरोपियों पर जुर्माना भी लगाया गया था। बताया जा रहा है कि इसी बात को लेकर गांव के कुछ युवक उससे नाराज थे और अक्सर उसे जान से मारने की धमकी देते रहते थे। अंततः होली के दिन यह धमकी हकीकत में बदल गई।
घटना की सूचना मिलते ही राजपुर थाना की पुलिस मौके पर पहुंचकर मामले की जांच में जुट गई। थाना अध्यक्ष निवास कुमार ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है। साथ ही आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।





