OTHERS

डायट में जिला स्तरीय टीएलएम मेला जिला कार्यक्रम पदाधिकारी के नेतृत्व में सफल आयोजन

न्यूज़ विज़न।  बक्सर 
जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) में जिला स्तरीय टीचिंग लर्निंग मटेरियल (TLM) मेला का सफल आयोजन किया गया। इस मेले का मुख्य उद्देश्य शिक्षकों द्वारा निर्मित नवाचारी शिक्षण-सहायक सामग्रियों का प्रदर्शन करना तथा शिक्षण-अधिगम प्रक्रिया को अधिक प्रभावी बनाना रहा। मेले में विभिन्न विषयों से संबंधित टीएलएम को आकर्षक ढंग से प्रस्तुत किया गया, जिसे शिक्षकों एवं विद्यार्थियों ने सराहा।

 

इस अवसर पर विवेक कुमार मौर्य, प्राचार्य डायट, ने कहा कि टीएलएम मेला शिक्षण को रोचक, सरल और प्रभावी बनाने की दिशा में एक सार्थक पहल है। इससे शिक्षक अपनी सृजनात्मकता को मंच देते हैं और विद्यार्थी अनुभव-आधारित सीख से जुड़ते हैं। डॉ. नवनीत कुमार सिंह ने कहा कि टीएलएम के माध्यम से अमूर्त अवधारणाओं को मूर्त रूप में समझाया जा सकता है, जिससे विद्यार्थियों की समझ और रुचि दोनों में वृद्धि होती है। ऐसे आयोजनों से शिक्षकों में नवाचार की भावना विकसित होती है। गुणवत्ता संभाग प्रभारी सुरेन्द्र प्रसाद ने कहा कि नई शिक्षा नीति के अनुरूप टीएलएम मेला कौशल-आधारित एवं गतिविधि-आधारित शिक्षण को बढ़ावा देता है। यह बच्चों में तार्किक सोच और रचनात्मकता के विकास में सहायक है।

 

वहीं सहायक कार्यक्रम पदाधिकारी उमेश झा ने कहा कि स्थानीय संसाधनों से निर्मित टीएलएम न केवल किफायती होते हैं, बल्कि पर्यावरण-अनुकूल भी होते हैं। इनका नियमित प्रयोग कक्षा-कक्ष को जीवंत बनाता है। इस टीएलएम मेले में गणित, पर्यावरण अध्ययन, अंग्रेज़ी, हिंदी एवं उर्दू विषयों से संबंधित टीएलएम का प्रदर्शन किया गया, जिसमें जिले के सभी प्रखंडों से चयनित शिक्षक अपने-अपने प्रदर्श के साथ उपस्थित रहे। प्रतियोगिता के अंतर्गत गणित विषय में विमलेश कुमार गुप्ता, दुर्गमांगे  उर्दू में नफीस एवं मो. मुमताज अली, अंग्रेज़ी में शिखा एवं श्वेता पाण्डेय, हिंदी में प्रतिमा कुमारी एवं सुमिता पांडेय, तथा पर्यावरण अध्ययन में कु. शिखा सिंह एवं ग्लोरी वर्मा के प्रदर्श को उत्कृष्ट चुना गया। इस अवसर पर डायट के व्याख्याता अजीत कुमार, विनोद पाण्डेय, मृतुंजय राय, संदीप आर्य, महताब अली, अंकुर श्रीवास्तव, सुगंधा कुमारी, अजय कुमार सहित डायट के सभी व्याख्याता, कर्मी एवं शिक्षक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन उत्साह एवं नवाचार के संकल्प के साथ हुआ।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button