OTHERS

पूर्वी क्षेत्र अस्मिता जूनियर बालिका हॉकी चैंपियनशिप हेतु हॉकी बिहार टीम में बक्सर जिले की छः खिलाड़ी शामिल

न्यूज़ विज़न।  बक्सर 
बिहार के खगड़िया जिला स्थित कोशी कॉलेज खेल मैदान में हॉकी बिहार के तत्वावधान में बिहार जूनियर बालिका हॉकी टीम की चयन प्रतियोगिता का सफल आयोजन किया गया। इस चयन प्रक्रिया के माध्यम से 18 सदस्यीय बिहार जूनियर बालिका हॉकी टीम का चयन किया गया है, जो असम के गुवाहाटी में 27 से 31 दिसंबर 2025 तक आयोजित होने वाली पूर्वी क्षेत्र अस्मिता जूनियर बालिका हॉकी चैंपियनशिप में बिहार राज्य का प्रतिनिधित्व करेगी। उल्लेखनीय है कि यह चयन प्रतियोगिता पूर्व में 24 दिसंबर को बीआरसी दानापुर, पटना में आयोजित होनी थी, किंतु अपरिहार्य कारणों से इसे खगड़िया स्थानांतरित किया गया।

 

इस अवसर पर खगड़िया सदर के माननीय विधायक बबलू मंडल ने चयनित खिलाड़ियों के बीच प्रतियोगिता हेतु खेल पोशाक का वितरण किया तथा सभी खिलाड़ियों को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि बिहार की बेटियाँ खेल के क्षेत्र में निरंतर बेहतर प्रदर्शन कर राज्य और जिले का नाम रोशन कर रही हैं। हॉकी बिहार टीम के लिए बक्सर की स्नेहा राज को टीम का कप्तान नियुक्त किया गया है। बक्सर जिले से कुल 6 खिलाड़ियों का चयन होना जिले के लिए गर्व की बात है। चयनित खिलाड़ियों में आंचल कुमारी (गोलकीपर), शुकराना परवीन (गोलकीपर), बिजली कुमारी, पूजा कुमारी (बक्सर), नेहा कुमारी, निशु कुमारी, फैंसी खातून, क्षमा कुमारी (बक्सर), अंकिता कुमारी (बक्सर), सोनम कुमारी, अनु कुमारी (बक्सर), जुम्मी कुमारी, रतन प्रिया कुमारी, नंदिता कुमारी (बक्सर), पूजा कुमारी, प्रियंका बड़ा एवं सोनम कुमारी।

 

टीम के प्रशिक्षक के रूप में अमित टुडू तथा दल प्रबंधक के रूप में रानु को नियुक्त किया गया है। हॉकी बक्सर परिवार की ओर से चयनित सभी खिलाड़ियों, प्रशिक्षक एवं दल प्रबंधक को हार्दिक शुभकामनाएँ दी जाती हैं और आशा व्यक्त की जाती है कि टीम गुवाहाटी में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर बिहार को गौरवान्वित करेगी।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button