CRIME

नाली गली निर्माण के दौरान हुए विवाद में ठेकेदार सोनू यादव ने चलाई गोली

अफरा तफरी के माहौल में महिला घायल, मोहल्लेवासियों ने नाली निर्माण कार्य में अनियमितता का लगाया आरोप 

न्यूज़ विज़न।  बक्सर 
औद्योगिक थाना क्षेत्र अंतर्गत नगर परिषद क्षेत्र के अहिरौली वार्ड 38 में सोमवार को नाली एवं गली निर्माण कार्य को लेकर बड़ा बवाल खड़ा हो गया। ठेकेदार और स्थानीय लोगों के बीच हुई कहासुनी इतनी बढ़ गई कि बात गोलीबारी और पथराव तक पहुँच गई। घटना में एक महिला घायल हो गई जबकि मौके पर अफरातफरी का माहौल छा गया।

 

जानकारी के मुताबिक, वार्ड पार्षद दिनेश कुमार द्वारा ठेकेदार सोनू यादव से आरसीसी नाली एवं गली का निर्माण कार्य कराया जा रहा था। लेकिन कार्य के दौरान दो पट्टीदारों के बीच जमीन विवाद और निर्माण में अनियमितता को लेकर मोहल्ले के लोगों ने काम रुकवा दिया था। इसके बावजूद सोमवार को ठेकेदार जबरन कार्य शुरू कराने पहुँचा, जिसका लोगों ने विरोध किया। इसके बाद विवाद इतना बढ़ गया कि ठेकेदार पक्ष के लोगों ने ईंट-पत्थर चलाना शुरू कर दिया और दो राउंड फायरिंग कर दी। अचानक हुई गोलीबारी से इलाके में दहशत फैल गई। गोली की आवाज सुनकर घर से बाहर निकली कमला देवी (पति स्व. अमावस यादव) पथराव में घायल हो गईं। स्थानीय स्तर पर उनका इलाज कराया गया।

 

घटनास्थल पर मौजूद पूनम देवी और अन्य महिलाओं ने आरोप लगाया कि नाली निर्माण कार्य में भारी गड़बड़ी की जा रही है। नाली ऊंची बना दी गई है, जिससे उनके घर में पानी घुसने लगा है। विरोध करने पर तीज पर्व के दिन भी ठेकेदार के लोगों ने गाली-गलौज किया था।  पीड़ित परिजन की महिला रीता देवी ने बताया कि निर्माण कार्य के दौरान नाली काफी ऊचा कर दिया गया है जिससे हमारे घर में पानी घुसने लगा, जिसे लेकर कहासुनी इतनी बढ़ गई कि ठेकेदार पक्ष से गोली चलने की घटना हो गई।

वही घटना स्थल पर लोगों ने नगर परिषद के ठेकेदार राजेश यादव पर भी आरोप लगाया जिस पर राजेश यादव ने साफ़ तौर पर कहा कि पार्षद का कार्य है जिसे हमारा साला सोनू द्वारा करवाया जा रहा था, जिसमे कुछ विवाद था और कार्य रुक गया था लेकिन पार्षद द्वारा मापी करवाने के बाद आज कार्य लगाया गया जिसपर मोहल्ले के लोगों ने सोनू पर पथराव शुरू कर दिया जिससे उसने अपने बचाव में गोली चलाया है।

घटना की सूचना मिलते ही एसडीपीओ गौरव पांडे और औद्योगिक थाना अध्यक्ष संजय कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुँचे और स्थिति को काबू में लिया। पुलिस ने घटनास्थल से एक बुलेट बाइक और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है। डीएसपी गौरव पांडे ने बताया कि वार्ड 38 में नाली-गली निर्माण कार्य चल रहा था। इस दौरान पट्टीदारों के बीच जमीन विवाद के चलते काम रुकवाया गया था। लेकिन आज जबरन कार्य कराने की कोशिश की गई, जिसके विरोध में मारपीट और फायरिंग की घटना हुई। फिलहाल जाँच जारी है और दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।

वीडियो देखें :

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button