POLITICS

“बिहार में भी केजरीवाल जनसंपर्क यात्रा” का भव्य आयोजन, आम आदमी पार्टी ने दिखाया जनसमर्थन

न्यूज़ विज़न।  बक्सर 
आम आदमी पार्टी, बिहार इकाई द्वारा रविवार को बक्सर में “बिहार में भी केजरीवाल जनसंपर्क यात्रा” का आयोजन पूरे जोश और उत्साह के साथ किया गया। इस यात्रा का नेतृत्व पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष राकेश यादव ने किया। कार्यक्रम की शुरुआत दोपहर 1 बजे बक्सर गोलंबर पर स्थित स्वर्गीय काली प्रसाद सिंह जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण के साथ हुई।

 

यात्रा में बक्सर सहित बिहार के विभिन्न जिलों से आए आम आदमी पार्टी के सैकड़ों कार्यकर्ताओं, समर्थकों और आम नागरिकों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। यह पदयात्रा पार्टी की बढ़ती लोकप्रियता और बिहार में राजनीतिक विकल्प के तौर पर उभरने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। यात्रा के माध्यम से आम आदमी पार्टी ने बिहार में व्याप्त शिक्षा, स्वास्थ्य और कानून-व्यवस्था की बदहाल स्थिति को प्रमुखता से उठाया। पार्टी ने दावा किया कि दिल्ली में अरविंद केजरीवाल सरकार ने शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में जो ऐतिहासिक काम किए हैं, वही मॉडल बिहार में भी लागू किया जा सकता है।

 

इस मौके पर बक्सर जिला अध्यक्ष रमेश वर्मा ने कहा कि आम आदमी पार्टी के लिए शिक्षा और स्वास्थ्य सर्वोच्च प्राथमिकता हैं। लेकिन बिहार में मौजूदा सरकार की घोर लापरवाही और भ्रष्ट व्यवस्था के कारण जनता बुनियादी सुविधाओं से वंचित है। लगातार हो रही आपराधिक घटनाएं ‘जंगल राज-2’ की वापसी का संकेत देती हैं। ऐसे हालात में आप पार्टी बिहार की जनता के लिए एक नई उम्मीद बनकर उभरी है। इस यात्रा का उद्देश्य बिहार के आम नागरिकों से सीधे संवाद स्थापित करना, दिल्ली मॉडल की सफलता और नीतियों को साझा करना, और जनता को यह विश्वास दिलाना है कि आम आदमी पार्टी बिहार में एक साफ-सुथरी, जवाबदेह और जनहितकारी राजनीति का विकल्प बन सकती है।

प्रदेश अध्यक्ष राकेश यादव ने लोगों से संवाद करते हुए कहा कि पार्टी जनता की भागीदारी और पारदर्शिता के सिद्धांतों पर चलते हुए एक नए बिहार के निर्माण के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध है। उन्होंने यह भी कहा कि यह यात्रा सिर्फ एक शुरुआत है, और आने वाले समय में बिहार के कोने-कोने तक पार्टी का संदेश पहुँचाया जाएगा। इस जनसंपर्क यात्रा के माध्यम से आम आदमी पार्टी ने यह संकेत दे दिया है कि वह बिहार की राजनीति में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए तैयार है। पार्टी का मानना है कि बिहार की जनता अब पारंपरिक दलों की विफलताओं से ऊब चुकी है और एक व्यवहारिक व ईमानदार विकल्प की तलाश में है।

वीडियो देखें :

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button