POLITICS

बक्सर पूर्वी रेलवे गुमटी नहीं खुली तो होगा रेल चक्का जाम, दलित-अति पिछड़ा स्वाभिमान संघर्ष मोर्चा की चेतावनी

प्रशासन के आग्रह पर टला आंदोलन, सरोज राजभर बोले—4-5 दिनों में समाधान नहीं हुआ तो अनिश्चितकालीन धरना और रेल चक्का जाम होगा

न्यूज़ विज़न।  बक्सर
जिला दलित अति पिछड़ा स्वाभिमान संघर्ष मोर्चा के जिला संयोजक सरोज राजभर ने रविवार को प्रेस वार्ता आयोजित कर बक्सर पूर्वी रेलवे गुमटी को जल्द खोलने की मांग दोहराई। उन्होंने कहा कि यदि आगामी चार से पांच दिनों के भीतर रेलवे गुमटी नहीं खोली गई तो संगठन पूर्वी रेलवे गुमटी पर अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन के साथ रेल चक्का जाम करेगा।

 

सरोज राजभर ने बताया कि संगठन की ओर से 6 जुलाई से प्रस्तावित अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन की सूचना देते हुए जिलाधिकारी बक्सर, स्टेशन अधीक्षक बक्सर, मंडल रेल प्रबंधक दानापुर तथा अनुमंडल पदाधिकारी बक्सर को पत्र भेजा गया था। इसके बाद जिला प्रशासन एवं रेलवे प्रशासन ने आंदोलन को फिलहाल चार से पांच दिनों के लिए स्थगित करने का अनुरोध किया और समस्या के समाधान का भरोसा दिया। उन्होंने कहा कि संगठन ने प्रशासन के अनुरोध का सम्मान करते हुए आंदोलन को कुछ दिनों के लिए टाल दिया है, लेकिन यदि तय समय सीमा के भीतर रेलवे गुमटी नहीं खोली गई तो पूर्व घोषित कार्यक्रम के तहत रेलवे गुमटी पर अनिश्चितकालीन धरना शुरू किया जाएगा और रेल चक्का जाम कर विरोध दर्ज कराया जाएगा।

 

सरोज राजभर ने कहा कि पूर्वी रेलवे गुमटी बंद रहने से हजारों लोगों को रोजाना भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। सबसे अधिक परेशानी स्कूल-कॉलेज जाने वाले छात्र-छात्राओं, मरीजों, बुजुर्गों और आम नागरिकों को हो रही है। लोगों को लंबा चक्कर लगाकर अपने गंतव्य तक पहुंचना पड़ता है, जिससे समय और आर्थिक नुकसान दोनों हो रहे हैं। उन्होंने प्रशासन और रेलवे अधिकारियों से जनहित को देखते हुए जल्द से जल्द पूर्वी रेलवे गुमटी खोलने की मांग की, ताकि लोगों को राहत मिल सके और आंदोलन की नौबत न आए। प्रेस वार्ता में कृष्ण आरती देवी, अजीत कुमार, शिव शंकर राय, कृष्ण शर्मा, गुड्डू शर्मा, आलोक कुमार गुप्ता, उमेश राम, दीनानाथ ठाकुर सहित कई कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।

वीडियो देखें :

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button