OTHERS

सरकारी स्कूलों के शौचालय सफाई कर्मियों की बदहाल स्थिति पर भड़के रितेश कुमार, 1 दिसंबर को जेल भरो अभियान, 7 दिसंबर को संसद घेराव

समय पर वेतन नहीं, कंपनी की धमकी और हजारों रुपये बकाया से परेशान सफाई कर्मी; ठेका प्रथा समाप्त करने की मांग को लेकर आंदोलन का ऐलान

न्यूज विज़न। बक्सर
सरकारी विद्यालयों में शौचालयों की साफ-सफाई करने वाले कर्मियों की दयनीय स्थिति को लेकर एआईवाईआर के राज्य उपाध्यक्ष एवं एटक के जिला सचिव रितेश कुमार ने चिंता जताते हुए ठेका प्रथा पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि बिहार में जब तक ठेका प्रथा समाप्त नहीं होगी, तब तक निम्नवर्गीय और मेहनतकश कर्मचारियों को समय पर वेतन मिलने की समस्या बनी रहेगी। ठेका व्यवस्था के तहत काम कर रहे सफाई कर्मियों को आर्थिक शोषण, मानसिक दबाव और नौकरी से हटाने की धमकियों का सामना करना पड़ रहा है।

रितेश कुमार ने कहा कि सरकारी विद्यालयों में शौचालयों की सफाई करने वाले कर्मी बेहद कम मेहनताना पर काम कर रहे हैं। इन कर्मियों को प्रतिदिन महज 50 रुपये के हिसाब से मेहनताना मिलता है, लेकिन वह भी समय पर भुगतान नहीं किया जाता। वेतन भुगतान में लगातार देरी के कारण सफाई कर्मियों और उनके परिवारों को आर्थिक संकट से गुजरना पड़ रहा है। पर्व-त्योहार के मौके पर भी इन कर्मियों को अपने परिवार की जरूरतें पूरी करने के लिए कहीं न कहीं से कर्ज लेना पड़ता है।

उन्होंने आरोप लगाया कि संबंधित ठेका कंपनी सफाई कर्मियों पर लगातार दबाव बनाती है और काम से हटाने की धमकी देकर उन्हें परेशान करती है। कई सफाई कर्मियों का कंपनी पर 50 हजार रुपये से लेकर 80 हजार रुपये तक वेतन बकाया है, लेकिन कंपनी की ओर से भुगतान को लेकर गंभीरता नहीं दिखाई जा रही है। मेहनत करने के बावजूद कर्मचारियों को उनका हक नहीं मिलना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।

रितेश कुमार ने कहा कि सफाई कर्मियों की समस्याओं को लेकर अब आंदोलन का रास्ता अपनाया जाएगा। पूरे बिहार के विद्यालय शौचालय सफाई कर्मी आगामी 1 दिसंबर को जेल भरो अभियान चलाएंगे। इसके बाद 7 दिसंबर को दिल्ली में संसद का घेराव कर अपनी मांगों को केंद्र सरकार और संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाया जाएगा।

आंदोलन के माध्यम से सफाई कर्मियों की मांग है कि उनका वेतन नियमित किया जाए, लंबे समय से बकाया वेतन का पूरा भुगतान हो, समय पर मेहनताना देने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए तथा ठेका बहाली की व्यवस्था बंद कर कर्मचारियों को सम्मानजनक और स्थायी रोजगार दिया जाए।

उन्होंने चेतावनी दी कि यदि आंदोलन के बाद भी सफाई कर्मियों की मांगों पर गंभीरता से विचार नहीं किया गया और उनकी समस्याओं का समाधान नहीं हुआ, तो कर्मी आमरण अनशन करने को बाध्य होंगे। उन्होंने सरकार और संबंधित विभागों से सफाई कर्मियों की आर्थिक एवं सामाजिक स्थिति को देखते हुए तत्काल ठोस कदम उठाने की मांग की।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button