रघुनाथपुर स्टेशन पर तत्काल टिकट के साथ एक व्यक्ति पकड़ा गया, RPF की टिकट दलाली के खिलाफ कार्रवाई
“ऑपरेशन उपलब्ध” के तहत RPF बक्सर की छापेमारी, अग्रिम यात्रा तिथि का स्लीपर क्लास तत्काल आरक्षण टिकट बरामद; त्योहारी सीजन को लेकर टिकट दलालों पर बढ़ी निगरानी

न्यूज विज़न। बक्सर
रेलवे स्टेशनों पर अवैध टिकट दलाली एवं टिकटों की कालाबाजारी पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से रेलवे सुरक्षा बल (RPF) पोस्ट बक्सर द्वारा लगातार विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 8 अक्टूबर को रघुनाथपुर रेलवे स्टेशन पर टिकट काउंटर के समीप निगरानी एवं छापेमारी के दौरान एक व्यक्ति को तत्काल आरक्षण टिकट के साथ पकड़ा गया।
रेलवे सुरक्षा बल के अनुसार, निरीक्षक प्रभारी कुंदन कुमार के दिशा-निर्देशन में “ऑपरेशन उपलब्ध” के तहत रेलवे स्टेशनों के टिकट आरक्षण काउंटरों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। अभियान के दौरान रघुनाथपुर रेलवे स्टेशन के टिकट काउंटर पर संदिग्ध गतिविधियों की निगरानी की जा रही थी। इसी क्रम में एक व्यक्ति को पकड़ा गया, जिसके पास से अग्रिम यात्रा तिथि का एक स्लीपर क्लास तत्काल आरक्षण टिकट बरामद हुआ।
पूछताछ के दौरान पकड़े गए व्यक्ति ने अपना नाम विकास कुमार, निवासी थाना ब्रह्मपुर, जिला बक्सर बताया। मामले में रेलवे सुरक्षा बल द्वारा आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के लिए अग्रिम प्रक्रिया अपनाई जा रही है।
त्योहारी सीजन को लेकर विशेष सतर्कता
आगामी त्योहारी सीजन के दौरान ट्रेनों में यात्रियों की संख्या बढ़ने की संभावना को देखते हुए रेलवे सुरक्षा बल द्वारा टिकटों की कालाबाजारी और अवैध टिकट दलाली पर प्रभावी रोक लगाने के लिए विशेष सतर्कता बरती जा रही है। आरक्षण काउंटरों के आसपास संदिग्ध व्यक्तियों की गतिविधियों पर नजर रखने के साथ-साथ टिकट दलाली से जुड़े मामलों में छापेमारी भी की जा रही है।
RPF का कहना है कि यात्रियों को निर्धारित प्रक्रिया के तहत टिकट उपलब्ध कराने तथा टिकटों की अवैध खरीद-बिक्री पर रोक लगाने के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा।
विशेष टीम ने की कार्रवाई
रघुनाथपुर रेलवे स्टेशन पर की गई इस कार्रवाई के लिए गठित विशेष टीम में उपनिरीक्षक विजेंद्र मुवाल, उपनिरीक्षक विष्णु शंकर ओझा, आरक्षी दीपक कुमार एवं आरक्षी सोनालाल यादव शामिल थे। टीम ने टिकट काउंटर पर निगरानी के दौरान उक्त व्यक्ति को तत्काल टिकट के साथ पकड़ा।
रेलवे सुरक्षा बल पोस्ट बक्सर ने स्पष्ट किया है कि यात्रियों की सुविधा, निष्पक्ष टिकट वितरण और सुरक्षित रेल यात्रा सुनिश्चित करना उसकी प्राथमिकता है। टिकट दलाली एवं कालाबाजारी के विरुद्ध विशेष निगरानी और छापेमारी अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।




