रक्तदान के क्षेत्र में बक्सर का बढ़ा मान, ‘ब्लड बक्सर’ को पटना में राज्य स्तरीय सम्मान
State Voluntary Blood Donation Organizers Conclave 2026 में BSACS ने किया सम्मानित, प्रियेश और आदिल को मिला सम्मान

न्यूज विज़न। बक्सर
स्वैच्छिक रक्तदान एवं रक्तदान जागरूकता के क्षेत्र में लगातार सक्रिय भूमिका निभाने वाले सामाजिक संगठन ब्यूटीफुल लाइफ ऑनली ऑन डोनेटिंग ब्लड (ब्लड बक्सर) को बुधवार को पटना में आयोजित State Voluntary Blood Donation Organizers Conclave 2026 में राज्य स्तरीय सम्मान से नवाजा गया। यह सम्मेलन बिहार स्टेट एड्स कंट्रोल सोसाइटी (BSACS), स्वास्थ्य विभाग, बिहार सरकार के तत्वावधान में बापू टावर, गर्दनीबाग, पटना में आयोजित किया गया।
राज्य स्तरीय सम्मेलन में ब्लड बक्सर ने बक्सर और भोजपुर जिले का प्रतिनिधित्व किया। संगठन की ओर से दोनों जिलों में स्वैच्छिक रक्तदान को बढ़ावा देने, लोगों को रक्तदान के प्रति जागरूक करने तथा नियमित रूप से रक्तदान शिविरों का आयोजन करने के लिए किए जा रहे कार्यों को सम्मेलन में सराहा गया।
इस अवसर पर संगठन के संस्थापक अध्यक्ष एवं सामाजिक कार्यकर्ता प्रियेश तथा आदिल को उनके व्यक्तिगत रक्तदान और संगठन के माध्यम से रक्तदान के क्षेत्र में किए जा रहे उल्लेखनीय कार्यों के लिए सम्मानित किया गया। उन्हें यह सम्मान BSACS के परियोजना निदेशक सुमित कुमार (भारतीय प्रशासनिक सेवा) के हाथों प्रदान किया गया।
बक्सर और भोजपुर में लगातार रक्तदान अभियान
ब्लड बक्सर की ओर से बक्सर और भोजपुर जिले में लगातार स्वैच्छिक रक्तदान शिविरों का आयोजन किया जाता रहा है। संगठन का दावा है कि इन दोनों जिलों में रक्तदान शिविरों के आयोजन एवं जागरूकता अभियान के क्षेत्र में संस्था अग्रणी भूमिका निभा रही है। संगठन के माध्यम से बड़ी संख्या में रक्तदाताओं को नियमित रक्तदान के लिए प्रेरित किया गया है।
संस्थापक अध्यक्ष प्रियेश ने बताया कि संगठन से जुड़े 526 रक्तदाता अब तक नियमित रूप से रक्तदान की मुहिम का हिस्सा बने हैं। इनमें 26 ऐसे नियमित रक्तदाता भी शामिल हैं, जो वर्ष में तीन से चार बार तक रक्तदान करते हैं। संगठन का मुख्य उद्देश्य लोगों में स्वैच्छिक रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाना और जरूरतमंद मरीजों के लिए समय पर रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करने में सहयोग करना है।
सम्मान को रक्तदाताओं और स्वयंसेवकों को समर्पित किया
सम्मान मिलने पर आदिल ने कहा कि यह सम्मान केवल उनका या संगठन का सम्मान नहीं है, बल्कि उन सभी रक्तदाताओं, रक्तवीरांगनाओं, सहयोगियों और स्वयंसेवकों का सम्मान है, जो लगातार रक्तदान की मुहिम से जुड़े हुए हैं।
उन्होंने कहा कि “हर घर रक्तदाता, घर-घर जीवनदाता” के संकल्प के साथ रक्तदान की संस्कृति को और मजबूत करने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा। रक्तदान केवल किसी एक व्यक्ति की मदद नहीं करता, बल्कि किसी पूरे परिवार की उम्मीद बचाने का काम करता है।
ब्लड बक्सर की टीम का कहना है कि आने वाले समय में भी बक्सर और भोजपुर सहित आसपास के क्षेत्रों में रक्तदान जागरूकता अभियान और स्वैच्छिक रक्तदान शिविरों का आयोजन लगातार जारी रखा जाएगा। संगठन लोगों को रक्तदान के लिए प्रेरित करते हुए जरूरतमंद मरीजों तक समय पर रक्त पहुंचाने में सहयोग की अपनी भूमिका को और मजबूत करने की दिशा में काम करेगा।
“हर बूंद बनेगी जिंदगी, हर कदम पर होगी इंसानियत” के संदेश के साथ ब्लड बक्सर की टीम रक्तदान को सामाजिक जिम्मेदारी और मानव सेवा से जोड़ते हुए लोगों को इस मुहिम से जुड़ने के लिए लगातार प्रेरित कर रही है।




