तीन सूत्री मांगों को लेकर रात्रि प्रहरियों का जोरदार प्रदर्शन, सेवा शर्तों में सुधार की उठाई आवाज
60 वर्ष तक सेवा नियमित करने, सेवा पुस्तिका संधारण और परिचारी/निम्न वर्गीय लिपिक के पद पर समायोजन की मांग; समय पर वेतन और सुरक्षा किट उपलब्ध कराने की भी मांग

न्यूज विज़न।बक्सर
बिहार विद्यालय रात्रि प्रहरी संघ के बैनर तले बुधवार को जिले के सरकारी विद्यालयों में कार्यरत रात्रि प्रहरियों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर जिला शिक्षा पदाधिकारी कार्यालय के समक्ष जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान कर्मचारियों ने अपनी मांगों के समर्थन में आवाज बुलंद करते हुए सरकार और शिक्षा विभाग से उनकी समस्याओं का शीघ्र समाधान करने की मांग की।
प्रदर्शन कर रहे रात्रि प्रहरियों का कहना था कि वे सरकारी विद्यालयों की सुरक्षा व्यवस्था में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निभा रहे हैं। बिना किसी अवकाश के पूरी जिम्मेदारी के साथ रात-दिन ड्यूटी करने के बावजूद उन्हें उचित मानदेय और सेवा संबंधी सुविधाएं नहीं मिल रही हैं। कर्मचारियों के अनुसार, मौजूदा व्यवस्था में कम मानदेय के कारण उनके लिए परिवार का जीवनयापन करना मुश्किल होता जा रहा है।
प्रदर्शन को संबोधित करते हुए संघ के जिलाध्यक्ष संतोष सिंह ने कहा कि राज्य के सरकारी विद्यालयों में आवश्यकता के अनुसार वर्षवार रात्रि प्रहरियों की नियुक्ति की गई है। रात्रि प्रहरी विद्यालयों की सुरक्षा व्यवस्था में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं, लेकिन इसके बावजूद उन्हें श्रम कानून के अनुरूप न्यूनतम वेतन तक नहीं दिया जा रहा है।
उन्होंने सरकार से मांग की कि रात्रि प्रहरियों से संबंधित नियमावली में आवश्यक संशोधन कर उनकी सेवा को 60 वर्ष की आयु तक नियमित किया जाए। साथ ही सभी कर्मचारियों की सेवा पुस्तिका का संधारण कराया जाए तथा पद सृजित कर उन्हें परिचारी अथवा निम्न वर्गीय लिपिक के पद पर समायोजित किया जाए।
संघ की ओर से यह भी मांग की गई कि रात्रि प्रहरियों को सीएएफएमएस के माध्यम से ऑनलाइन एवं ससमय वेतन भुगतान सुनिश्चित किया जाए। इसके अलावा ड्यूटी के दौरान सुरक्षा के लिए आवश्यक सुरक्षा किट उपलब्ध कराने तथा कर्मचारियों को विभिन्न सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से जोड़ने की भी मांग रखी गई।
प्रदर्शन के दौरान कर्मचारियों ने अपनी मांगों के समर्थन में नारेबाजी की और शिक्षा विभाग से जल्द सकारात्मक पहल करने की अपील की। रात्रि प्रहरियों ने कहा कि विद्यालयों की सुरक्षा की जिम्मेदारी निभाने वाले कर्मचारियों की समस्याओं की अनदेखी नहीं की जानी चाहिए।
इस मौके पर संघ के सचिव रविंद्र सिंह, नारद मुनि राय, राजीव रंजन यादव, मनोज कुमार सिंह, सरोज ओझा, गौरव ठाकुर और शिवानंद समेत बड़ी संख्या में रात्रि प्रहरी मौजूद रहे।




