एम.पी. हाई स्कूल में साइबर सुरक्षा पर जागरूकता कार्यशाला आयोजित
बक्सर साइबर सेल ने छात्र-छात्राओं को ऑनलाइन ठगी, ब्लैकमेलिंग और डिजिटल सुरक्षा के उपायों की दी जानकारी


न्यूज विज़न। बक्सर
गुरुवार को एम.पी. हाई स्कूल बक्सर में साइबर अपराध के प्रति जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यशाला बक्सर पुलिस साइबर सेल द्वारा आयोजित की गई, जिसमें विद्यालय के छात्र-छात्राओं को साइबर क्राइम से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां विस्तारपूर्वक दी गईं।
कार्यक्रम के दौरान साइबर विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों को बताया कि वर्तमान समय में साइबर अपराधी किस प्रकार लोगों को अपने जाल में फंसाकर ऑनलाइन ठगी, फर्जी कॉल, सोशल मीडिया हैकिंग, ओटीपी फ्रॉड तथा ब्लैकमेलिंग जैसी घटनाओं को अंजाम देते हैं। साथ ही इन अपराधों से बचने के लिए आवश्यक सावधानियों और सुरक्षा उपायों की भी जानकारी दी गई।
कार्यशाला का आयोजन विद्यालय के प्राचार्य अरविन्द कुमार के सौजन्य से किया गया। कार्यक्रम में मुख्य रूप से साइबर सेल के पुलिस उपाधीक्षक, पुलिस अवर निरीक्षक श्रीकांत एवं पुलिस अवर निरीक्षक अनुपम कुमारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने विद्यार्थियों को साइबर सुरक्षा की बारीकियों से अवगत कराते हुए इंटरनेट और सोशल मीडिया का सुरक्षित उपयोग करने की सलाह दी।
साइबर सेल के अधिकारियों ने कहा कि किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें, अपनी बैंकिंग जानकारी एवं ओटीपी किसी के साथ साझा न करें तथा किसी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि होने पर तुरंत साइबर हेल्पलाइन या पुलिस से संपर्क करें।
इस अवसर पर साइबर सेल पुलिस उपाधीक्षक द्वारा विद्यालय के प्राचार्य एवं शिक्षकों को साइबर सुरक्षा और बचाव से संबंधित पुस्तक भी भेंट की गई। साथ ही विद्यालय परिवार के प्रति आभार व्यक्त किया गया।
विद्यालय के प्राचार्य अरविन्द कुमार ने भी छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि डिजिटल युग में जागरूकता ही सबसे बड़ा बचाव है। उन्होंने विद्यार्थियों से इंटरनेट का जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करने और किसी भी साइबर गतिविधि के प्रति सतर्क रहने की अपील की।
कार्यक्रम के अंत में प्राचार्य द्वारा धन्यवाद ज्ञापन किया गया, जिसके बाद कार्यशाला का समापन हुआ। इस मौके पर विद्यालय के शिक्षक अनूप कुमार, रजनीश पाठक, प्रियंका चौबे, स्मिता कुमारी, रूबी कुमारी, अनु कुमारी, संगीता तिवारी एवं रोशनी सिंह सहित अन्य शिक्षकगण उपस्थित रहे।





