वामन रथ यात्रा की सफलता के बाद कार्यकर्ताओं का सम्मान, वृद्धाश्रम निर्माण की पहल तेज
वामन ग्लोबल फाउंडेशन के कार्यक्रम में सामाजिक सेवा का संकल्प, राहुल राय ने वृद्धाश्रम के लिए करीब चार कट्ठा निजी जमीन देने की घोषणा


न्यूज़ विज़न। बक्सर
वामन द्वादशी के अवसर पर भगवान वामन की भव्य रथ यात्रा के सफल आयोजन के बाद वामन ग्लोबल फाउंडेशन की ओर से नगर के सोमेश्वर स्थान रोड स्थित परिसर में कार्यकर्ता सम्मान एवं प्रीतिभोज कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में फाउंडेशन के पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं और आयोजन से जुड़े लोगों की मौजूदगी रही। इस दौरान रथ यात्रा को सफल बनाने में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले लोगों को सम्मानित किया गया। साथ ही आयोजन से जुड़े अनुभव साझा करते हुए भविष्य में सामाजिक सेवा के क्षेत्र में नई पहल करने का संकल्प लिया गया।
पूजा-पाठ के साथ समाज सेवा भी फाउंडेशन का उद्देश्य : डॉ. राकेश राय
फाउंडेशन के अध्यक्ष डॉ. राकेश कुमार राय उर्फ कल्लू राय ने कहा कि भगवान वामन की रथ यात्रा को सफल बनाने में बक्सरवासियों ने तन, मन और धन से सहयोग किया। उन्होंने जिले के नागरिकों और फाउंडेशन की पूरी टीम के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि फाउंडेशन का उद्देश्य केवल पूजा-पाठ और सनातन संस्कृति के प्रचार-प्रसार तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज सेवा के क्षेत्र में भी काम करना है। इसी सोच के तहत अब वृद्धाश्रम निर्माण की दिशा में कदम बढ़ाया जा रहा है।
वृद्धाश्रम के लिए चार कट्ठा जमीन देने की घोषणा
फाउंडेशन के कोषाध्यक्ष राहुल राय ने वृद्धाश्रम निर्माण के लिए अपनी निजी जमीन देने की घोषणा की। उन्होंने बताया कि कृतपुरा के आगे मुख्य मार्ग पर पुलिया के समीप उनके हिस्से की करीब चार कट्ठा जमीन वृद्धाश्रम के लिए उपलब्ध कराई जाएगी। राहुल राय ने बताया कि पिछले वर्ष भगवान वामन की रथ यात्रा के दौरान विभिन्न सामाजिक समूहों से बातचीत के क्रम में सड़क किनारे असहाय बुजुर्गों की स्थिति सामने आई थी। सर्दी और बरसात के मौसम में बिना देखरेख के भटकते बुजुर्गों की स्थिति देखकर उनके मन में वृद्धाश्रम शुरू करने का विचार आया। अब इस योजना को धरातल पर उतारने की तैयारी शुरू कर दी गई है। उन्होंने कहा कि वृद्धाश्रम के निर्माण में बक्सरवासियों से भी सहयोग मिलने की उम्मीद है। स्थानीय लोगों ने ईंट, बालू, सीमेंट और गिट्टी सहित अन्य निर्माण सामग्री उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया है।
मीडिया और प्रशासन के सहयोग के लिए जताया आभार
फाउंडेशन के सचिव सिकंदर सिंह ने भगवान वामन की रथ यात्रा और पूरे आयोजन की लगातार कवरेज के लिए मीडिया एवं पत्रकारों के प्रति आभार जताया। उन्होंने मुख्यमंत्री के बक्सर आगमन के लिए भी धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के आगमन से बक्सर की व्यवस्थाओं में बदलाव आया तथा भगवान वामन मंदिर स्थल पर भी कई सुधार देखने को मिले। उन्होंने कहा कि भगवान वामन के जन्मोत्सव का आयोजन अब प्रत्येक वर्ष किया जाएगा। हर साल मुख्यमंत्री को आमंत्रित कर इस परंपरा को आगे बढ़ाने का प्रयास किया जाएगा।
वामन कॉरिडोर और लाइट एंड साउंड शो में प्रसंग शामिल करने की मांग
फाउंडेशन से जुड़े प्रेम प्रकाश राय ने भगवान वामन मंदिर को जेल परिसर से अलग किए जाने की दिशा में सरकार की पहल के लिए मुख्यमंत्री का आभार जताया। उन्होंने कहा कि अब बक्सर में काशी विश्वनाथ की तर्ज पर भगवान वामन कॉरिडोर के निर्माण की दिशा में पहल होनी चाहिए। उन्होंने बक्सर के लाइट एंड साउंड शो में भगवान वामन के अवतार स्थान से जुड़े प्रसंग को भी शामिल करने की मांग रखी, ताकि बक्सर के धार्मिक एवं ऐतिहासिक महत्व को और व्यापक स्तर पर प्रस्तुत किया जा सके। प्रस्तावित वृद्धाश्रम को लेकर उन्होंने कहा कि असहाय माताओं और बुजुर्गों की सेवा के लिए चिकित्सा, साफ-सफाई, राशन और आर्थिक सहयोग की व्यवस्था सामूहिक रूप से की जाएगी। उन्होंने कहा कि सामाजिक सेवा की यह पहल समाज की सहभागिता से आगे बढ़ाई जाएगी।
प्रशासन और पुलिस के सहयोग की भी सराहना
प्रेम कुमार मिश्र ने रथ यात्रा की सफलता के लिए बक्सर के नागरिकों और मीडिया के साथियों का आभार जताया। उन्होंने जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन के सहयोग की भी सराहना की। विशेष रूप से महिलाओं के लिए सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने में प्रशासन की भूमिका का उल्लेख करते हुए उन्होंने पूरी टीम को धन्यवाद दिया। उन्होंने मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में शामिल होने के लिए भी आभार व्यक्त किया और कहा कि फाउंडेशन की पूरी टीम के सामूहिक प्रयास से रथ यात्रा का आयोजन सफल हो सका।
वार्ड पार्षद ने आयोजन को बताया अद्भुत और दिव्य
नगर परिषद के वार्ड पार्षद दीपक सिंह ने भगवान वामन की रथ यात्रा को अद्भुत, भव्य और दिव्य आयोजन बताया। उन्होंने कहा कि बक्सरवासियों के मिल-जुलकर किए गए सहयोग से यह आयोजन सफल हुआ। उन्होंने रथ यात्रा में शामिल सभी लोगों और पूरे जिले के नागरिकों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
धार्मिक आयोजन के साथ सामाजिक सरोकारों पर जोर
कार्यकर्ता सम्मान एवं प्रीतिभोज कार्यक्रम के माध्यम से वामन ग्लोबल फाउंडेशन ने एक ओर रथ यात्रा में सहयोग देने वाले लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया, वहीं दूसरी ओर भविष्य की प्राथमिकताओं को भी सामने रखा। फाउंडेशन अब भगवान वामन से जुड़े धार्मिक आयोजनों के साथ-साथ वृद्धाश्रम जैसी सामाजिक पहल और बक्सर के धार्मिक पर्यटन से जुड़े विकास कार्यों को आगे बढ़ाने की तैयारी में है। कार्यक्रम में संजीव सिंह, नवीन राय, बबलू राय, अविनाश पांडेय, श्याम राय, प्रेम तिवारी, योगेश राय, राकेश राय, मनोरंजन पांडेय समेत बड़ी संख्या में फाउंडेशन के पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं अन्य लोग मौजूद रहे।
वीडियो देखें :





