राजपुर विधानसभा की सड़कों के कायाकल्प को लेकर विधायक संतोष निराला ने मुख्य सचिव से की मुलाकात
चौसा-राजपुर-कोचस, बक्सर-इटाढ़ी-धनसोई-दिनारा सहित प्रमुख सड़कों के जीर्णोद्धार और कालीकरण की उठाई मांग, धनसोई बाईपास के कार्य में तेजी का किया आग्रह


न्यूज़ विज़न। पटना/बक्सर
राजपुर विधानसभा क्षेत्र में सड़क एवं आधारभूत संरचना को बेहतर बनाने की दिशा में विधायक संतोष कुमार निराला ने पहल करते हुए पटना स्थित मुख्य सचिवालय में बिहार के मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत से मुलाकात की। इस दौरान विधायक ने पत्र के माध्यम से राजपुर विधानसभा क्षेत्र से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विकास कार्यों की ओर मुख्य सचिव का ध्यान आकृष्ट कराया और इनके शीघ्र क्रियान्वयन के लिए आवश्यक पहल करने का आग्रह किया।
विधायक संतोष कुमार निराला ने मुलाकात के दौरान क्षेत्र की प्रमुख सड़कों की वर्तमान स्थिति तथा उनके जीर्णोद्धार की आवश्यकता को प्रमुखता से रखा। उन्होंने चौसा-राजपुर-कोचस मुख्य सड़क, बक्सर-इटाढ़ी-धनसोई-दिनारा मुख्य सड़क तथा सांथ-गोपपुर-दिनारा नहर सर्विस रोड समेत क्षेत्राधीन अन्य महत्वपूर्ण सड़कों के जीर्णोद्धार एवं कालीकरण के लिए आवश्यक कार्रवाई करने का अनुरोध किया। विधायक ने कहा कि राजपुर विधानसभा क्षेत्र के ग्रामीण एवं शहरी इलाकों को जोड़ने वाली इन सड़कों का स्थानीय लोगों के आवागमन के साथ-साथ व्यापार, शिक्षा, स्वास्थ्य और कृषि गतिविधियों में भी महत्वपूर्ण योगदान है। ऐसे में सड़कों की बेहतर स्थिति क्षेत्र के समग्र विकास के लिए आवश्यक है।
धनसोई बाईपास को लेकर भी रखी मांग
मुलाकात के दौरान विधायक ने धनसोई बाईपास सड़क का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया। उन्होंने बताया कि बाईपास सड़क को पूर्व में स्वीकृति मिल चुकी है। ऐसे में संबंधित प्रक्रियाओं को शीघ्र पूरा कराकर कार्य को आगे बढ़ाने की आवश्यकता है, ताकि क्षेत्र के लोगों को इसका लाभ मिल सके। विधायक ने मुख्य सचिव से आग्रह किया कि स्वीकृत योजनाओं से संबंधित आवश्यक प्रक्रियाओं में तेजी लाते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जाएं।
मुख्य सचिव ने दिया सकारात्मक पहल का आश्वासन
विधायक द्वारा रखे गए विकास कार्यों को लेकर मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत ने सकारात्मक पहल करने का आश्वासन दिया। मुलाकात के दौरान क्षेत्र की सड़क एवं आधारभूत संरचना से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा हुई। विधायक संतोष कुमार निराला ने कहा कि राजपुर विधानसभा क्षेत्र में बेहतर सड़कें, सुगम आवागमन और मजबूत आधारभूत संरचना उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है। क्षेत्र के विकास से जुड़े मुद्दों को लेकर वे लगातार संबंधित अधिकारियों और सरकार के स्तर पर पहल करते रहेंगे। उन्होंने कहा कि राजपुर विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों को गति देने तथा आम लोगों को बेहतर सड़क और आवागमन की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए उनके प्रयास निरंतर जारी रहेंगे।





