OTHERS

वैवाहिक वर्षगांठ पर अनूठी पहल: रोटरी क्लब बक्सर ने बिहार पब्लिक स्कूल में किया पौधरोपण, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश

रो. मंजेश केसरी एवं रो. अमृता केसरी की वैवाहिक वर्षगांठ पर आयोजित कार्यक्रम में रोटरी सदस्यों ने लगाए पौधे, हरियाली और सुखद भविष्य का लिया संकल्प

न्यूज़ विज़न।  बक्सर 
समाजसेवा और पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को एक बार फिर साकार करते हुए रोटरी क्लब बक्सर ने बुधवार, 8 जुलाई को बिहार पब्लिक स्कूल, बक्सर परिसर में विशेष पौधरोपण कार्यक्रम का आयोजन किया। यह कार्यक्रम रोटरी क्लब के सम्मानित सदस्य रो. मंजेश केसरी एवं रो. अमृता केसरी की वैवाहिक वर्षगांठ के शुभ अवसर पर उनके सौजन्य तथा रोटरी क्लब बक्सर के सहयोग से आयोजित किया गया। उत्सवी माहौल में आयोजित इस कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर में विभिन्न प्रकार के पौधे लगाए गए। कार्यक्रम का उद्देश्य केवल वैवाहिक वर्षगांठ का उत्सव मनाना नहीं था, बल्कि पर्यावरण संरक्षण के प्रति समाज को जागरूक करना और हरियाली बढ़ाने का संदेश देना भी था।

 

इस अवसर पर रोटरी क्लब बक्सर के अध्यक्ष रो. निर्मल कुमार सिंह ने कहा कि “पेड़ हमारी सबसे बड़ी धरोहर हैं। इस सुंदर और पुनीत कार्य में आपकी भागीदारी यह साबित करती है कि आपको पर्यावरण की गहरी चिंता है। प्रदूषण से जूझती दुनिया में वृक्षारोपण कार्यक्रम संजीवनी बूटी के समान है। प्रकृति के प्रति रोटेरियनों का यह समर्पण वास्तव में वंदनीय है।” रोटरी क्लब के सचिव रो. मनोज कुमार वर्मा ने कहा कि “ये पौधे केवल प्रकृति संरक्षण का संदेश नहीं देते, बल्कि मंजेश केसरी एवं अमृता केसरी के सुखी, समृद्ध और दीर्घ दाम्पत्य जीवन की हरियाली, खुशहाली तथा उज्ज्वल भविष्य के भी प्रतीक हैं।”

 

वहीं क्लब के कोषाध्यक्ष रो. सीए कुमार सागर ने कहा कि “जो व्यक्ति वृक्ष लगाता है, वह केवल पौधों को नहीं सींचता, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए जीवन, स्वच्छ वातावरण और शुद्ध हवा की मजबूत नींव रखता है।” कार्यक्रम में रोटरी क्लब बक्सर के अध्यक्ष रो. निर्मल कुमार सिंह, सचिव रो. मनोज कुमार वर्मा, कोषाध्यक्ष रो. सीए कुमार सागर, रो. एस. एम. साहिल, रो. अनिल जायसवाल, रो. मनीष, रो. चंदन गुप्ता, रो. विवेक, रो. दीपक, रो. सुदीप खेतान एवं रो. राहुल राघवन सहित अनेक रोटेरियन उपस्थित रहे। इसके अलावा बिहार पब्लिक स्कूल के प्रशासक एवं प्राचार्य की भी गरिमामयी उपस्थिति रही।


कार्यक्रम के समापन पर रोटरी क्लब बक्सर के सभी सदस्यों ने रो. मंजेश केसरी एवं रो. अमृता केसरी को उनकी वैवाहिक वर्षगांठ की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए उनके सुखमय, स्वस्थ एवं समृद्ध जीवन की कामना की। साथ ही सभी ने अधिक से अधिक पौधे लगाने और पर्यावरण संरक्षण के इस अभियान को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प भी लिया।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button