OTHERS

शारदा कुमारी ने जीता गोल्ड, अंजलि ने कांस्य पदक; फाउंडेशन स्कूल बक्सर की छात्राओं ने लहराया परचम

सीबीएसई ईस्ट जोन ताइक्वांडो चैंपियनशिप में फाउंडेशन स्कूल की शानदार उपलब्धि, करीब 1,600 खिलाड़ियों के बीच शारदा और अंजलि ने दिखाया दमखम

न्यूज़ विज़न।  बक्सर 
उत्तर प्रदेश के भदोही जिले के सुरियावां स्थित बी.पी.एम.जी. पब्लिक स्कूल में 17 से 21 अगस्त 2026 तक आयोजित सीबीएसई ईस्ट जोन ताइक्वांडो चैंपियनशिप 2026 में फाउंडेशन स्कूल बक्सर की छात्राओं ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दो पदक अपने नाम किए। प्रतियोगिता में विद्यालय की कक्षा 11वीं की छात्रा शारदा कुमारी ने अंडर-19 वर्ग में स्वर्ण पदक जीतकर विद्यालय का नाम रोशन किया, जबकि इसी वर्ग में अंजलि कुमारी ने कांस्य पदक हासिल किया।

 

इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में विभिन्न विद्यालयों के लगभग 1,600 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। इतनी बड़ी प्रतिस्पर्धा के बीच फाउंडेशन स्कूल की दोनों छात्राओं ने अपने उत्कृष्ट खेल कौशल, आत्मविश्वास और मेहनत का परिचय देते हुए पदक जीतकर विद्यालय की उपलब्धियों में एक और अध्याय जोड़ दिया।

 

शारदा ने गोल्ड जीतकर बढ़ाया गौरव

फाउंडेशन स्कूल की छात्रा शारदा कुमारी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक हासिल किया। उनकी इस उपलब्धि से विद्यालय परिवार में खुशी का माहौल है। शारदा की सफलता ने न केवल उनके माता-पिता और शिक्षकों को गौरवान्वित किया है, बल्कि बक्सर के खेल जगत में भी विद्यालय का मान बढ़ाया है। वहीं, कक्षा 11वीं की छात्रा अंजलि कुमारी ने भी बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए अंडर-19 वर्ग में कांस्य पदक प्राप्त किया। दोनों खिलाड़ियों की सफलता से यह साबित हुआ है कि पढ़ाई के साथ-साथ खेल के क्षेत्र में भी फाउंडेशन स्कूल के विद्यार्थी लगातार बेहतर प्रदर्शन कर रहे हैं।

पदक जीतने की परंपरा बरकरार

फाउंडेशन स्कूल की छात्राओं ने ताइक्वांडो में विगत कई वर्षों से लगातार पदक जीतने की अपनी स्वर्णिम परंपरा को इस बार भी कायम रखा है। ईस्ट जोन स्तर की इतनी बड़ी प्रतियोगिता में दो पदक जीतना विद्यालय के लिए गौरव की बात है।विद्यालय के प्राचार्य मनोज त्रिगुण ने शारदा कुमारी और अंजलि कुमारी को उनकी शानदार उपलब्धि पर बधाई देते हुए अपना आशीर्वाद प्रेषित किया। उन्होंने दोनों छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि दोनों बच्चियां पढ़ाई के साथ-साथ खेल के क्षेत्र में भी विद्यालय का नाम रोशन करती रहें, यही उनका आशीर्वाद है। प्राचार्य मनोज त्रिगुण ने कहा कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए शिक्षा के साथ खेलकूद भी बेहद महत्वपूर्ण है। विद्यालय अपने विद्यार्थियों को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए लगातार प्रोत्साहित करता रहा है।

माता-पिता और शिक्षकों के सहयोग को दिया श्रेय

स्वर्ण पदक विजेता शारदा कुमारी ने अपनी सफलता का श्रेय विद्यालय के शिक्षकों के मार्गदर्शन के साथ-साथ अपने माता-पिता के सहयोग को दिया। बातचीत के दौरान शारदा ने कहा कि खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए स्कूल के शिक्षकों के साथ उनके पिता अजय मंडल और मां का काफी सहयोग मिलता है। उनके प्रोत्साहन और सहयोग से ही वह लगातार बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित होती हैं। शारदा और अंजलि की इस उपलब्धि पर विद्यालय परिवार, शिक्षक-शिक्षिकाओं और शुभचिंतकों ने दोनों छात्राओं को शुभकामनाएं दीं। दोनों खिलाड़ियों की सफलता से फाउंडेशन स्कूल बक्सर में उत्साह का माहौल है और उम्मीद जताई जा रही है कि आने वाले समय में भी ये छात्राएं ताइक्वांडो के क्षेत्र में जिले और विद्यालय का नाम राष्ट्रीय स्तर तक रोशन करेंगी।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button