शिक्षक दिवस पर सेमरॉक संस्कार स्कूल में दिखा गुरु-शिष्य का भावपूर्ण रिश्ता
डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर कार्यक्रम का शुभारंभ, प्राचार्या पूनम किरण ने कहा—शिक्षक ही बच्चों को बनाते हैं बेहतर नागरिक


न्यूज़ विज़न। बक्सर
शहर के बाईपास रोड स्थित बाबा नगर सेमरॉक संस्कार स्कूल में शुक्रवार को शिक्षक दिवस के अवसर पर विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में गुरु-शिष्य के पवित्र रिश्ते की खूबसूरत झलक देखने को मिली। विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने पूरे उत्साह और सम्मान के साथ अपने शिक्षकों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की।
कार्यक्रम का शुभारंभ देश के प्रथम उपराष्ट्रपति एवं द्वितीय राष्ट्रपति तथा महान शिक्षाविद डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के चित्र पर प्राचार्या पूनम किरण एवं विद्यालय के अन्य शिक्षक-शिक्षिकाओं द्वारा पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। इस दौरान शिक्षकों ने डॉ. राधाकृष्णन के आदर्शों को याद करते हुए उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया। शिक्षक दिवस के मौके पर विद्यालय के छोटे-छोटे बच्चों ने अपने शिक्षकों के प्रति सम्मान और प्रेम का अनूठा प्रदर्शन किया। नन्हे विद्यार्थियों ने अपने-अपने टीचर्स को उपहार भेंट कर उन्हें शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं दीं। बच्चों के इस स्नेह और सम्मान से विद्यालय का माहौल भावुक एवं खुशनुमा हो गया।
इस अवसर पर विद्यालय की प्राचार्या पूनम किरण ने कहा कि शिक्षक बच्चों के जीवन को सही दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। एक शिक्षक ही छोटे-छोटे बच्चों को अच्छी शिक्षा, संस्कार और अनुशासन देकर उन्हें एक अच्छा नागरिक और भविष्य में योग्य अधिकारी बना सकता है। उन्होंने कहा कि बच्चों के व्यक्तित्व निर्माण में माता-पिता के साथ शिक्षकों की भूमिका भी बेहद महत्वपूर्ण होती है। उन्होंने विद्यार्थियों को शिक्षकों का सम्मान करने और उनके बताए मार्ग पर चलने की प्रेरणा दी। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के शिक्षकों ने भी. विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। शिक्षक दिवस समारोह ने विद्यालय में शिक्षा, संस्कार और गुरु-शिष्य परंपरा के महत्व को रेखांकित किया। बच्चों की उत्साहपूर्ण भागीदारी ने कार्यक्रम को यादगार बना दिया।





