OTHERS

‘प्रकृति बचाओ अभियान’ के तहत शिक्षक मनीष कुमार शशि के जन्मदिन पर हुआ पौधरोपण, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश

छठिया पोखरा स्थित शिव मंदिर परिसर में आयोजित सेमिनार में समाजसेवी, चिकित्सक, शिक्षक व जनप्रतिनिधियों ने लिया भाग, लगाए गए 11 पौधे

न्यूज़ विज़न।  बक्सर 
पर्यावरण संरक्षण और हरित भविष्य के संकल्प के साथ “प्रकृति बचाओ अभियान” के तहत शिक्षक एवं बिहार सरकार से शिक्षक सम्मान-2023 से सम्मानित डॉ. मनीष कुमार शशि के नेतृत्व में पौधरोपण एवं पर्यावरण जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम छठिया पोखरा के समीप बड़का अंगना स्थित शिव मंदिर परिसर में संपन्न हुआ, जहां समाज के विभिन्न वर्गों के लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

 

अपने संबोधन में डॉ. मनीष कुमार शशि ने कहा कि यदि समाज पर्यावरण के प्रति जागरूक बनेगा तो इसका दूरगामी लाभ प्रत्येक व्यक्ति को मिलेगा। उन्होंने कहा कि प्रकृति के साथ लगातार हो रहे खिलवाड़ का परिणाम ग्लेशियरों के पिघलने, बढ़ते तापमान और प्राकृतिक आपदाओं के रूप में सामने आ रहा है। इसलिए हर नागरिक का दायित्व है कि वह पर्यावरण संरक्षण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाए। इस अवसर पर पर्यावरण विषय पर एक सेमिनार का भी आयोजन किया गया, जिसमें समाज के अग्रणी राजनेताओं, समाजसेवियों, व्यवसायियों, विद्यार्थियों और चिकित्सकों ने अपने विचार रखते हुए लोगों को अधिक से अधिक वृक्ष लगाने और उनकी सुरक्षा करने का संदेश दिया। कार्यक्रम का संचालन शत्रुघ्न प्रसाद उर्फ मोहन जी ने किया। वहीं डॉ. मनीष कुमार शशि के जन्मदिन के अवसर पर संस्था के सदस्यों द्वारा परिसर में 11 पौधों का रोपण किया गया। संस्था ने बताया कि इस प्रकार के पर्यावरण संरक्षण कार्यक्रम वर्ष के बारहों महीने नियमित रूप से आयोजित किए जाते हैं।

 

संस्था के सक्रिय संस्थापक तरु मित्र उमेश गुप्ता रौनियार ने कहा कि “खुशी हो या गम, मिलकर पेड़ लगाए हम” केवल एक नारा नहीं बल्कि समय की आवश्यकता है। उन्होंने बढ़ते तापमान पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि पृथ्वी, जल और पर्यावरण की रक्षा केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि प्रत्येक नागरिक को आगे आकर वृक्षारोपण एवं वृक्ष संरक्षण का संकल्प लेना होगा। कार्यक्रम में भारतीय रेडक्रॉस सोसाइटी के सचिव शत्रुघ्न प्रसाद मोहन गुप्ता, पूर्व कोषाध्यक्ष उमेश गुप्ता रौनियार, राजनेता सोनू राय, वार्ड पार्षद धीरेंद्र कुमार निराला, शिक्षक मोहम्मद इकबाल, विशाल जायसवाल, विमलेश सिंह, सदाम हुसैन, चुनचुन गुप्ता, आशीष गौतम, कमलेश प्रसाद, संतोष कुमार, सुरेश प्रसाद गुप्ता, श्रवण कुमार सहित अनेक गणमान्य लोगों ने अपनी महत्वपूर्ण उपस्थिति दर्ज कराई। कार्यक्रम के अंत में उमेश गुप्ता रौनियार ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button