OTHERS

बक्सर रेलवे स्टेशन पर RPF की बड़ी कार्रवाई, चोरी के मोबाइल और ब्लेड के साथ दो संदिग्ध गिरफ्तार

ऑपरेशन यात्री सुरक्षा के तहत सघन जांच अभियान में मिली सफलता, ट्रेनों में मोबाइल चोरी और ब्लेड से जेब काटने की बात स्वीकारने का दावा

न्यूज़ विज़न।  बक्सर 
यात्रियों की सुरक्षा एवं रेलवे परिसर में आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से रेलवे सुरक्षा बल (RPF) बक्सर द्वारा लगातार चलाए जा रहे “ऑपरेशन यात्री सुरक्षा” के तहत सोमवार, 17 अगस्त को बक्सर रेलवे स्टेशन पर सघन जांच एवं निगरानी अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान RPF की विशेष टीम ने दो संदिग्ध व्यक्तियों को चोरी के मोबाइल फोन एवं ब्लेड के टुकड़े के साथ पकड़ा।

 

यह कार्रवाई RPF बक्सर के निरीक्षक प्रभारी कुंदन कुमार के दिशा-निर्देशन में की गई। अभियान के दौरान सब इंस्पेक्टर विष्णु शंकर ओझा, सब इंस्पेक्टर विजेंद्र मुवाल, आरक्षी श्याम नारायण सिंह यादव एवं आरक्षी सोनालाल यादव की संयुक्त टीम ने स्टेशन परिसर में संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखी।

 

चोरी के मोबाइल और ब्लेड बरामद

जांच एवं निगरानी के दौरान RPF टीम ने दो संदिग्ध व्यक्तियों को पकड़ा। पूछताछ में उनकी पहचान उमेश राय (करीब 30 वर्ष), पिता सुरेंद्र राय, ग्राम चिलहर, थाना इटाढ़ी, जिला बक्सर तथा तनु कुमार सिंह (करीब 34 वर्ष), पिता अनिल कुमार सिंह, थाना नगर, जिला बक्सर के रूप में हुई। RPF के अनुसार, पूछताछ के दौरान दोनों व्यक्तियों ने ट्रेनों में यात्रियों के मोबाइल फोन एवं अन्य सामान चोरी करने तथा ब्लेड की सहायता से जेब काटने की बात स्वीकार की। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से चोरी का मोबाइल फोन एवं ब्लेड का टुकड़ा बरामद किया गया।

जीआरपी बक्सर को सौंपे गए दोनों आरोपी

मामले में RPF द्वारा दोनों के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई की गई। इसके बाद अग्रिम कानूनी कार्रवाई के लिए दोनों को जीआरपी बक्सर को सुपुर्द कर दिया गया। रेलवे सुरक्षा बल ने स्पष्ट किया कि यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और स्टेशन परिसर एवं ट्रेनों में चोरी, जेबकटी तथा अन्य आपराधिक गतिविधियों की रोकथाम के लिए जांच एवं निगरानी अभियान लगातार जारी रहेगा। RPF की इस कार्रवाई से रेलवे स्टेशन एवं ट्रेनों में यात्रियों की सुरक्षा को लेकर चलाए जा रहे अभियान को मजबूती मिली है। यात्रियों से भी अपील की गई है कि वे यात्रा के दौरान अपने मोबाइल, पर्स एवं अन्य कीमती सामान को सुरक्षित रखें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तत्काल सूचना रेलवे सुरक्षा बल या संबंधित रेल पुलिस को दें।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button