OTHERS

प्राथमिक विद्यालय पंडितपुर में शिक्षक-अभिभावक संगोष्ठी आयोजित, सुरक्षित शनिवार पर वज्रपात से बचाव की दी जानकारी

समावेशी शिक्षा पर दिया गया जोर, प्रधान शिक्षिका बोलीं— हर बच्चा है महत्वपूर्ण; अभिभावकों और बच्चों ने बढ़-चढ़कर लिया हिस्सा

न्यूज़ विज़न।  बक्सर 
सदर प्रखंड के प्राथमिक विद्यालय पंडितपुर में शनिवार को शिक्षक-अभिभावक संगोष्ठी (टीचर-पालक बैठक) का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में अभिभावकों, शिक्षकों और विद्यार्थियों ने भाग लिया। संगोष्ठी का उद्देश्य विद्यालय और अभिभावकों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना तथा बच्चों की शिक्षा, सुरक्षा और सर्वांगीण विकास पर चर्चा करना था।

 

बैठक के दौरान ‘सुरक्षित शनिवार’ कार्यक्रम के अंतर्गत अभिभावकों को वज्रपात (ठनका) से बचाव के उपायों की विस्तृत जानकारी दी गई। शिक्षकों ने बताया कि बारिश और आंधी-तूफान के दौरान खुले मैदान, पेड़ों के नीचे तथा बिजली के खंभों के आसपास खड़े होने से बचना चाहिए। साथ ही मौसम विभाग द्वारा जारी चेतावनियों का पालन करने और बच्चों को भी इसके प्रति जागरूक करने की अपील की गई। विद्यालय की प्रधान शिक्षिका प्रतिमा कुमारी ने समावेशी शिक्षा पर जोर देते हुए कहा कि “हमारा हर बच्चा महत्वपूर्ण है। सभी बच्चों को समान अवसर और बेहतर शिक्षा उपलब्ध कराना विद्यालय की प्राथमिकता है।” उन्होंने अभिभावकों से बच्चों की नियमित उपस्थिति, पढ़ाई और नैतिक विकास में सक्रिय सहयोग देने का आग्रह किया।

 

कार्यक्रम के दौरान शिक्षकों और अभिभावकों के बीच बच्चों की शैक्षणिक प्रगति, अनुशासन, उपस्थिति तथा विद्यालय की विभिन्न गतिविधियों पर भी विस्तार से चर्चा की गई। अभिभावकों ने विद्यालय के प्रयासों की सराहना करते हुए बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के लिए हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया। इस अवसर पर शिक्षक दीपक कुमार श्रीवास्तव, अविनाश कुमार, विनोद कुमार सिंह एवं मोहम्मद उबैदुल्लाह उपस्थित रहे। वहीं विद्यार्थियों में कृति, सौम्या, पंकज, हर्ष, सूरज, किशन, संदीप, नीतू, निशा, खुशी और मुस्कान सहित कई बच्चे मौजूद थे। अभिभावकों में प्रीति देवी, अजय पंडित, अनंत पंडित, मुकेश पांडे, कंचन देवी, उषा देवी, मीना देवी, आराधना पांडे सहित अन्य अभिभावकों ने भाग लेकर कार्यक्रम को सफल बनाया।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button