पाथवेज वर्ल्ड स्कूल डुमरांव में पीटीएम व पैरेंट्स सेमिनार का आयोजन, बच्चों के सर्वांगीण विकास पर हुआ मंथन
डायरेक्टर इंजीनियर आर. राघवन ने स्वास्थ्य, समय प्रबंधन, संस्कार, पर्सनैलिटी डेवलपमेंट और मोबाइल के संतुलित उपयोग पर अभिभावकों को किया जागरूक, तुलसी का पौधा भेंट कर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश


न्यूज़ विज़न। बक्सर
डुमरांव के पूर्वी गुमटी, टेक्सटाइल कॉलोनी, बड़ा बाग रोड स्थित पाथवेज वर्ल्ड स्कूल में शनिवार को जूनियर वर्ग के विद्यार्थियों के लिए अभिभावक-शिक्षक बैठक (पीटीएम) एवं एक विशेष पैरेंट्स सेमिनार का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य अभिभावकों और विद्यालय के बीच बेहतर संवाद स्थापित करने के साथ-साथ बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए आवश्यक विषयों पर जागरूकता बढ़ाना था।
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के डायरेक्टर इंजीनियर आर. राघवन ने किया। अपने प्रेरणादायी संबोधन में उन्होंने कहा कि बच्चों का समग्र विकास केवल विद्यालय की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि अभिभावकों और शिक्षकों के संयुक्त प्रयास से ही संभव है। उन्होंने बच्चों के बेहतर भविष्य के लिए स्वास्थ्य, समय की महत्ता, अनुशासित जीवनशैली, पर्सनैलिटी डेवलपमेंट, भारतीय संस्कार एवं संस्कृति, सेल्फ एक्सप्रेशन तथा मोबाइल फोन के संतुलित एवं सकारात्मक उपयोग जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे बच्चों के साथ गुणवत्तापूर्ण समय बिताएं, उनकी रुचियों को समझें और उन्हें केवल शैक्षणिक उपलब्धियों तक सीमित न रखते हुए नैतिक मूल्यों एवं जीवन कौशल से भी समृद्ध करें। उन्होंने कहा कि सही मार्गदर्शन और सकारात्मक पारिवारिक वातावरण बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव तैयार करता है।
सेमिनार के दौरान अभिभावकों ने भी विद्यालय प्रबंधन के साथ संवाद किया तथा बच्चों की पढ़ाई, व्यवहार और विकास से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर अपनी जिज्ञासाएं साझा कीं। शिक्षकों ने विद्यार्थियों की शैक्षणिक प्रगति, गतिविधियों और प्रदर्शन की जानकारी अभिभावकों को दी तथा आवश्यक सुझाव भी दिए। कार्यक्रम के समापन पर विद्यालय की ओर से सभी अभिभावकों को सप्रेम तुलसी का पौधा भेंट किया गया। इसके माध्यम से पर्यावरण संरक्षण, हरियाली बढ़ाने तथा सुख, समृद्धि और खुशहाली का संदेश दिया गया। इस पहल की अभिभावकों ने सराहना की और इसे विद्यालय की एक सकारात्मक एवं प्रेरणादायक पहल बताया।
पूरे आयोजन में विद्यालय परिवार ने उत्साहपूर्वक अपनी सहभागिता निभाई। कार्यक्रम के अंत में अभिभावक विद्यालय की इस अनूठी पहल से काफी उत्साहित, प्रसन्न और संतुष्ट नजर आए। विद्यालय प्रबंधन ने भविष्य में भी इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने की प्रतिबद्धता जताई।





