अग्निशमन विभाग की बड़ी पहल, सदर अस्पताल व जेलों में हुआ मॉक ड्रिल; आग से बचाव के गुर सिखाए गए
सदर अस्पताल, केंद्रीय कारागार और महिला मंडलकारा में आपातकालीन तैयारी का लिया गया जायजा, सुरक्षित निकासी, अग्निशामक यंत्रों के उपयोग और आपदा प्रबंधन की दी गई जानकारी


न्यूज़ विज़न। बक्सर
जिले में अग्नि सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से शनिवार को जिला अग्निशमन विभाग की ओर से सदर अस्पताल, बक्सर, केंद्रीय कारागार, बक्सर तथा महिला मंडलकारा, बक्सर में व्यापक मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। यह अभ्यास जिला समादेष्टा सह जिला अग्निशमन पदाधिकारी सुबास सिंह के निर्देशानुसार संपन्न हुआ। मॉक ड्रिल का नेतृत्व अनुमंडल अग्निशामालय पदाधिकारी सुनंदा कुमारी ने किया। इस दौरान अग्निक हरेराम सिंह, पंकज कुमार एवं चालक गुलाब चंद भारती सहित अग्निशमन विभाग की टीम मौजूद रही।
मॉक ड्रिल का मुख्य उद्देश्य आग लगने जैसी आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित, सुरक्षित एवं प्रभावी प्रतिक्रिया सुनिश्चित करना था। इसके साथ ही अस्पताल एवं कारागार के अधिकारियों, कर्मचारियों और उपस्थित लोगों को अग्नि सुरक्षा के प्रति जागरूक करते हुए आपदा की स्थिति में सही निर्णय लेने और घबराने के बजाय संयम बनाए रखने का प्रशिक्षण दिया गया। ड्रिल के दौरान अग्निशमन दल ने आग लगने की काल्पनिक स्थिति का सजीव प्रदर्शन किया। इस दौरान भवन से सुरक्षित निकासी (इवैक्यूएशन) की प्रक्रिया, अग्निशामक यंत्रों के सही एवं प्रभावी उपयोग, प्रारंभिक स्तर पर आग बुझाने के उपाय, फायर ब्रिगेड को तत्काल सूचना देने की प्रक्रिया तथा घायलों को सुरक्षित बाहर निकालने और प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराने की जानकारी विस्तार से दी गई।
अधिकारियों ने बताया कि किसी भी आपदा की स्थिति में घबराने के बजाय पूर्व निर्धारित आपदा प्रबंधन योजना का पालन करना सबसे महत्वपूर्ण होता है। यदि सभी लोग प्रशिक्षण के अनुरूप कार्य करें तो बड़ी दुर्घटनाओं में भी जान-माल के नुकसान को काफी हद तक कम किया जा सकता है। इस अवसर पर अग्निशमन विभाग की ओर से संबंधित संस्थानों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों से अपील की गई कि वे समय-समय पर भवनों में लगे अग्निशामक उपकरणों की जांच एवं रखरखाव कराते रहें। साथ ही विद्युत सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन करें और नियमित अंतराल पर मॉक ड्रिल आयोजित कर अपनी आपदा प्रबंधन क्षमता को और अधिक मजबूत बनाएं।
मॉक ड्रिल के समापन पर सदर अस्पताल, केंद्रीय कारागार एवं महिला मंडलकारा के अधिकारियों और कर्मचारियों ने अग्निशमन विभाग की इस पहल की सराहना करते हुए इसे सुरक्षा की दृष्टि से अत्यंत उपयोगी बताया। अधिकारियों ने कहा कि ऐसे अभ्यास भविष्य में किसी भी आपातकालीन स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।





