विश्व फोटोग्राफी दिवस पर पर्यावरण संरक्षण का संदेश, बक्सर में फोटोग्राफरों ने लगाए 21 पौधे
पांडे पट्टी ठाकुरबारी परिसर में बिहार फोटोग्राफर एसोसिएशन का पौधरोपण कार्यक्रम, अध्यक्ष नीरज कुमार ने कहा—तस्वीरें यादें संजोती हैं, पेड़ भविष्य संवारते हैं


न्यूज़ विज़न। बक्सर
विश्व फोटोग्राफी दिवस के अवसर पर बुधवार, 19 अगस्त को बिहार फोटोग्राफर एसोसिएशन, बक्सर की ओर से पर्यावरण संरक्षण को लेकर विशेष पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। पांडे पट्टी स्थित ठाकुरबारी परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम में एसोसिएशन के सदस्यों एवं सहयोगियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाते हुए कुल 21 पौधे लगाए।
कार्यक्रम एसोसिएशन के अध्यक्ष नीरज कुमार उर्फ संटू की अध्यक्षता में संपन्न हुआ। पौधरोपण के दौरान आम, अमरूद, कटहल, लाल चंदन, आंवला, नींबू, अनार सहित विभिन्न फलदार एवं उपयोगी प्रजातियों के पौधे लगाए गए। कार्यक्रम के माध्यम से फोटोग्राफरों ने पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश दिया।
फोटोग्राफरों ने पर्यावरण संरक्षण का लिया संकल्प
कार्यक्रम में चंदन कुमार शर्मा, दीपक कुमार शर्मा, मिडिया प्रभारी आलोक कुमार, अमृत सरोज, निसार जी, राकेश कुमार सिन्हा, बुचानी जी, पप्पू कुमार गुप्ता, श्रीकांत, रेहान, पिकू कुमार सहित कई फोटोग्राफर साथियों ने अपनी सहभागिता निभाई। वहीं शहर के गणमान्य एवं सहयोगी व्यक्तियों में राकेश कुमार, अमित कुमार, प्रदीप कुमार सहित अन्य लोगों ने भी पौधरोपण अभियान में महत्वपूर्ण सहयोग किया। इस दौरान उपस्थित लोगों ने पौधों की देखभाल और उनके संरक्षण का संकल्प भी लिया, ताकि लगाए गए पौधे भविष्य में बड़े होकर पर्यावरण को स्वच्छ एवं हरा-भरा बनाने में योगदान दे सकें।
“21 पौधे छोटी शुरुआत, पर्यावरण संरक्षण का बड़ा संकल्प”
एसोसिएशन के अध्यक्ष नीरज कुमार उर्फ संटू ने कहा कि 21 पौधे भले ही संख्या में कम दिखाई दें, लेकिन यह पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक छोटी शुरुआत और बड़े संकल्प का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि तस्वीरें बीते हुए पलों और यादों को संजोती हैं, लेकिन पेड़ आने वाली पीढ़ियों का भविष्य संवारते हैं। उन्होंने कहा कि फोटोग्राफी केवल तस्वीरें खींचने तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज और पर्यावरण के प्रति भी हमारी जिम्मेदारी है। इसी सामाजिक दायित्व को ध्यान में रखते हुए विश्व फोटोग्राफी दिवस पर पौधरोपण का आयोजन किया गया है।
गरीबों के बीच भोजन वितरण भी आज
अध्यक्ष नीरज कुमार ने बताया कि पौधरोपण कार्यक्रम के साथ ही एसोसिएशन की ओर से बुधवार की देर शाम गरीब एवं जरूरतमंद लोगों के बीच भोजन वितरण कार्यक्रम भी आयोजित किया जाएगा। इस पहल के माध्यम से एसोसिएशन ने विश्व फोटोग्राफी दिवस को सामाजिक सरोकारों से जोड़ते हुए सेवा और पर्यावरण संरक्षण का संदेश देने का प्रयास किया है। बिहार फोटोग्राफर एसोसिएशन, बक्सर के इस आयोजन से जुड़े सदस्यों ने कहा कि आने वाले दिनों में भी सामाजिक एवं पर्यावरणीय गतिविधियों के माध्यम से समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का प्रयास जारी रहेगा।





