नाबालिग किशोर ने मुखिया प्रतिनिधि पर लगाए गंभीर आरोप, एसपी से लगाई सुरक्षा और न्याय की गुहार
चक्की के जवहीं दियर पंचायत का मामला : किशोर का आरोप- मां व नाबालिग बहन के साथ मुखिया प्रतिनिधि के कथित संबंध का विरोध करने पर हत्या के प्रयास और चिमटा से दागने की घटना


बक्सर/ब्रह्मपुर। बक्सर
जिले के ब्रह्मपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत चक्की प्रखंड के जवहीं दियर पंचायत क्षेत्र के एक गांव से एक नाबालिग किशोर द्वारा लगाए गए गंभीर आरोप का मामला सामने आया है। किशोर ने पंचायत की मुखिया उर्मिला देवी के प्रतिनिधि एवं कथित रूप से उनके भसुर ओम प्रकाश यादव पर अपनी मां और नाबालिग बहन के साथ अवैध संबंध होने का आरोप लगाया है। किशोर का कहना है कि उसने अपनी मां और बहन को मुखिया प्रतिनिधि के साथ कथित तौर पर आपत्तिजनक परिस्थिति में देखा था। इसके बाद उसने जब इसका विरोध किया तो उसके साथ मारपीट की गई और उसकी हत्या का प्रयास किया गया।
किशोर के अनुसार, घटना के दौरान उसे चिमटा से दागे जाने का भी आरोप है। उसने बताया कि घटना के बाद वह भयभीत होकर घर छोड़कर चला गया और गांव के अन्य लोगों तथा अपने रिश्तेदारों को पूरे मामले की जानकारी दी। इसके बाद उसने बक्सर के पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य से मुलाकात कर अपनी सुरक्षा एवं न्याय की गुहार लगाई। किशोर ने बताया कि उसके पिता की पूर्व में बीमारी के कारण मृत्यु हो चुकी है। उसका बड़ा भाई पुणे में रहकर मजदूरी करता है। किशोर का आरोप है कि घर में उसकी मां और नाबालिग बहन के साथ मुखिया प्रतिनिधि का आना-जाना रहता है और वह इस कथित संबंध का विरोध करता रहा है।
किशोर ने पुलिस प्रशासन के समक्ष यह आशंका भी जताई है कि मुखिया प्रतिनिधि, उसकी मां और बहन मिलकर उसकी हत्या कर सकते हैं। उसने मुखिया प्रतिनिधि पर पूर्व में भी कई आपराधिक मामलों में शामिल होने का आरोप लगाया है और अपनी जान को खतरा बताते हुए तत्काल सुरक्षा की मांग की है। मामला सामने आने के बाद एसपी शुभम आर्य ने बताया कि पुलिस प्रशासन के स्तर पर आरोपों की जांच और आवश्यक कार्रवाई होगी। हालांकि, आरोपी एक मामले में फरार चल रहा है ।
न्यूज़ विज़न की अपील: नाबालिग से जुड़े मामलों में उसकी पहचान एवं व्यक्तिगत जानकारी को सार्वजनिक करना कानूनन और नैतिक रूप से उचित नहीं है। इसलिए खबर में नाबालिग की पहचान से जुड़ी जानकारी को गोपनीय रखा गया है।





