OTHERS

बिलौटी पहुंचे माले के राष्ट्रीय महासचिव दीपांकर भट्टाचार्य, निष्पक्ष जांच और दोषी पुलिसकर्मियों पर हत्या का मुकदमा चलाने की मांग

17 जून के कथित पुलिस एनकाउंटर में हुई भरत तिवारी की मौत को लेकर राजनीतिक हलचल तेज, प्रतिनिधिमंडल ने घटनास्थल और बाढ़ प्रभावित गांव का किया दौरा, परिजनों को न्याय दिलाने का दिया भरोसा

न्यूज़ विज़न।  बक्सर 
भोजपुर जिले के शाहपुर थाना क्षेत्र के बिलौटी गांव में 17 जून को हुए कथित पुलिस एनकाउंटर में भरत तिवारी की मौत का मामला लगातार राजनीतिक और सामाजिक स्तर पर तूल पकड़ता जा रहा है। इस घटना को लेकर विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं के गांव पहुंचने का सिलसिला लगातार जारी है। बुधवार को बक्सर के युवा समाजसेवी रामजी सिंह के साथ माले के राष्ट्रीय महासचिव दीपांकर भट्टाचार्य, पालीगंज विधायक संदीप सौरव, डुमरांव के पूर्व विधायक डॉ. अजीत सिंह कुशवाहा, माले नेता एवं पूर्व लोकसभा प्रत्याशी राजू यादव सहित कई नेताओं का प्रतिनिधिमंडल बिलौटी गांव पहुंचा। प्रतिनिधिमंडल ने दिवंगत भरत तिवारी को श्रद्धांजलि अर्पित की तथा उनके परिजनों से मुलाकात कर गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए न्याय दिलाने का भरोसा दिया।

 

घटनास्थल का किया निरीक्षण
युवा समाजसेवी रामजी सिंह ने बताया कि नेताओं ने उस स्थान का भी निरीक्षण किया, जहां 17 जून को पुलिस द्वारा किए गए कथित एनकाउंटर में भरत तिवारी की मौत हुई थी। प्रतिनिधिमंडल ने पूरे घटनाक्रम की जानकारी स्थानीय लोगों से ली और निष्पक्ष जांच की आवश्यकता पर बल दिया।

 

बाढ़ प्रभावित परिवारों से भी मिले नेता
बिलौटी दौरे के दौरान प्रतिनिधिमंडल जवईनिया गांव भी पहुंचा, जहां बाढ़ प्रभावित विस्थापित परिवारों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। ग्रामीणों ने नेताओं को बताया कि भरत तिवारी विस्थापित परिवारों के अधिकारों की लड़ाई लड़ रहे थे और क्षेत्र में व्याप्त भ्रष्टाचार के खिलाफ लगातार आवाज उठा रहे थे।

दीपांकर भट्टाचार्य ने की हत्या का मुकदमा दर्ज करने की मांग
श्रद्धांजलि सभा को संबोधित करते हुए माले के राष्ट्रीय महासचिव दीपांकर भट्टाचार्य ने भरत तिवारी मौत मामले की निष्पक्ष और स्वतंत्र जांच कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि यदि जांच में पुलिसकर्मियों की भूमिका सामने आती है तो संबंधित दोषी पुलिसकर्मियों की तत्काल गिरफ्तारी कर उनके विरुद्ध हत्या का मुकदमा चलाया जाना चाहिए।

पीड़ित परिवार को हरसंभव सहयोग का भरोसा
पूर्व विधायक डॉ. अजीत सिंह कुशवाहा ने शोक संतप्त परिवार से मुलाकात कर उन्हें हरसंभव सहयोग देने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि न्याय की लड़ाई में परिवार को अकेला नहीं छोड़ा जाएगा।

‘राष्ट्रीय मुद्दा बन चुका है मामला’
रामजी सिंह ने कहा कि भरत तिवारी एनकाउंटर का मामला अब किसी एक जाति, दल या क्षेत्र तक सीमित नहीं रह गया है, बल्कि यह राष्ट्रीय स्तर का मुद्दा बन चुका है। उन्होंने दावा किया कि भाजपा, कांग्रेस, जदयू, राजद और वामपंथी दलों सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के नेता लगातार पीड़ित परिवार से मुलाकात कर रहे हैं और निष्पक्ष जांच एवं न्याय की मांग को लेकर समाज के विभिन्न वर्ग एकजुट हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस मामले में न्याय मिलने तक सामाजिक और राजनीतिक स्तर पर आवाज उठती रहेगी तथा दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग जारी रहेगी।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button