10 अगस्त को डीएम कार्यालय घेराव की तैयारी में जुटी माकपा, जिला कमेटी की बैठक में आंदोलन की रणनीति तय
खाद संकट, पेपर लीक, महंगाई और बेरोजगारी समेत जनहित के मुद्दों पर होगा प्रदर्शन, गांव-गांव बैठक कर आंदोलन को सफल बनाने का आह्वान


न्यूज़ विज़न। बक्सर
भारत की कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) की जिला कमेटी की बैठक शनिवार को स्थानीय मल्लाह टोली स्थित पार्टी कार्यालय में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता कामरेड धीरेंद्र चौधरी ने की, जबकि राज्य पर्यवेक्षक के रूप में कामरेड अहमद अली मौजूद रहे। बैठक में 10 अगस्त को जिला पदाधिकारी कार्यालय के प्रस्तावित घेराव कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए विस्तृत रणनीति पर चर्चा की गई।
बैठक में जिला कमेटी के सदस्यों ने कहा कि 10 अगस्त को पूरे बिहार में आम जनता, किसान और मजदूरों के ज्वलंत मुद्दों को लेकर जिला मुख्यालयों पर घेराव कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस आंदोलन को विभिन्न ट्रेड यूनियनों का भी समर्थन प्राप्त है। बक्सर में भी बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और आम लोग इस कार्यक्रम में भाग लेंगे। बैठक को संबोधित करते हुए नेताओं ने कहा कि देश और प्रदेश में किसानों को समय पर खाद उपलब्ध नहीं हो रही है, छात्रों को पेपर लीक जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है, जबकि महंगाई और बेरोजगारी लगातार बढ़ रही है। इन सभी जनसरोकारों के मुद्दों को लेकर माकपा लगातार संघर्ष करती रही है और आगे भी संघर्ष जारी रहेगा।
नेताओं ने बताया कि 10 अगस्त के घेराव कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए तियारा, अर्जुनपुर, अहिरौली, दलसागर सहित विभिन्न क्षेत्रों में लगातार जनसंपर्क अभियान और बैठकें आयोजित की जाएंगी, ताकि अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित हो सके। बैठक में जिला सचिव परमहंस सिंह, मंडल सदस्य अरुण कुमार ओझा, रामाश्रय सिंह, मनोज कुमार केसरी, श्रवण कुमार, राम जय कृष्णा सिंह सहित अन्य नेताओं ने अपने विचार रखे। अंत में जिला सचिव द्वारा प्रस्तुत प्रस्ताव को सर्वसम्मति से पारित किया गया तथा सभी कार्यकर्ताओं से 10 अगस्त के आंदोलन को सफल बनाने के लिए पूरी ताकत के साथ जुटने का आह्वान किया गया।





