CRIME

बक्सर में भीषण अग्निकांड: मोबिल गोदाम धू-धू कर जला, पांच लग्जरी गाड़ियां और ट्रैक्टर राख, करोड़ों का नुकसान

चरित्रवन आईटीआई फील्ड के समीप मची अफरा-तफरी, कई किलोमीटर दूर तक दिखीं आग की लपटें और काले धुएं के गुबार, कड़ी मशक्कत के बाद पाया गया काबू

न्यूज़ विज़न।  बक्सर 
शहर के चरित्रवन आईटीआई फील्ड के समीप स्थित जय मां अंबे फ्यूल सेंटर के पीछे बने मोबिल गोदाम में रविवार को अचानक भीषण आग लग जाने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग इतनी भयावह थी कि देखते ही देखते पूरे गोदाम को अपनी चपेट में ले लिया। आग की लपटों और घने काले धुएं का गुबार कई किलोमीटर दूर से दिखाई दे रहा था, जिससे आसपास के लोगों में दहशत का माहौल बन गया।

 

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग लगने के कुछ ही देर बाद गोदाम में रखे मोबिल और अन्य ज्वलनशील सामग्री ने आग को और विकराल बना दिया। आग की चपेट में आने से गोदाम में रखा सारा मोबिल जलकर राख हो गया। वहीं, गोदाम परिसर में खड़ी करीब पांच लग्जरी गाड़ियां और एक ट्रैक्टर भी पूरी तरह जलकर नष्ट हो गए। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों की भारी भीड़ मौके पर जुट गई। आग की तेज लपटों को देखते हुए आसपास के घरों में रहने वाले लोग भी सतर्क हो गए। कई लोगों ने अपने घरों की छतों से पानी डालकर आग बुझाने का प्रयास किया, जबकि कुछ लोगों ने बोरिंग के पानी की मदद से आग पर काबू पाने की कोशिश की।

 

सूचना मिलने के बाद अग्निशमन विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। स्थानीय लोगों और अग्निशमन कर्मियों के संयुक्त प्रयास से काफी देर की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। हालांकि तब तक गोदाम और वहां खड़े वाहन पूरी तरह जल चुके थे। जय मां अंबे फ्यूल सेंटर के संचालक कमलेश पाल ने बताया कि इस अग्निकांड में भारी आर्थिक क्षति हुई है। उन्होंने कहा कि यदि अग्निशमन विभाग की गाड़ियां कुछ और पहले पहुंच जातीं तो नुकसान को काफी हद तक कम किया जा सकता था। उन्होंने बताया कि आग लगने के कारणों का अभी तक स्पष्ट पता नहीं चल सका है। फिलहाल प्रशासन और संबंधित विभागों द्वारा आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार इस हादसे में करीब एक करोड़ रुपये मूल्य की संपत्ति और सामान का नुकसान हुआ है। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में चर्चा का माहौल है और लोग इस बड़े अग्निकांड को लेकर चिंता व्यक्त कर रहे हैं।

वीडियो देखें :

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button