तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार को मारी टक्कर, एक युवक की मौत, दो गंभीर
बक्सर के राजपुर थाना क्षेत्र में दर्दनाक हादसा, आक्रोशित ग्रामीणों ने चौसा-कोचस मुख्य मार्ग किया जाम


न्यूज़ विज़न। बक्सर
बक्सर जिले के राजपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत चौसा-कोचस मुख्य मार्ग पर रविवार को एक भीषण सड़क हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। यह दर्दनाक घटना त्रिकालपुर डेरा गांव के समीप हुई, जहां एक तेज रफ्तार और अनियंत्रित ट्रक ने बाइक सवार तीन युवकों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई।
मिली जानकारी के अनुसार, त्रिकालपुर गांव निवासी तीन युवक एक ही बाइक पर सवार होकर किसी काम से जा रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और तीनों युवक सड़क पर दूर जा गिरे। इस हादसे में 19 वर्षीय विकास राम, पिता लालधर राम, निवासी त्रिकालपुर गांव की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वहीं हादसे में गंभीर रूप से घायल अरुण राम (18 वर्ष), पिता कमलेश राम एवं पवन राम (20 वर्ष), पिता पल्लू राम को स्थानीय लोगों की मदद से तुरंत राजपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद दोनों की गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया।
घटना की खबर फैलते ही गांव में मातम छा गया। मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं हादसे से गुस्साए ग्रामीणों और परिजनों ने चौसा-कोचस मुख्य मार्ग को जाम कर दिया और सड़क पर प्रदर्शन शुरू कर दिया। आक्रोशित लोगों ने प्रशासन से मृतक के परिवार को उचित मुआवजा देने तथा आरोपी ट्रक चालक की जल्द गिरफ्तारी की मांग की। सड़क जाम के कारण मार्ग पर वाहनों की लंबी कतार लग गई और यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। सूचना मिलते ही राजपुर थाना पुलिस दल-बल के साथ मौके पर पहुंची और लोगों को समझाने-बुझाने का प्रयास शुरू किया। पुलिस प्रशासन लगातार ग्रामीणों से वार्ता कर स्थिति को सामान्य करने में जुटा हुआ है। समाचार लिखे जाने तक ग्रामीण अपनी मांगों को लेकर सड़क पर डटे हुए थे और प्रदर्शन जारी था। वहीं पुलिस ट्रक और चालक की पहचान कर आगे की कार्रवाई में जुट गई है।





